India vs Namibia, T20 World Cup: भारत और नामीबिया के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 18वां मुकाबला खेला जाना है. कागजों पर भारत के सामने नामीबिता कहीं नहीं टिकती. लेकिन क्रिकेट में किस दिन कौन कमाल कर जाए, यह कहा नहीं जा सकता. नामीबिया बीते साल दक्षिण अफ्रीका को हरा चुकी है. साथ ही टीम ने अफ्रीकी रिजन का क्वालीफायर जीता था. एसोसिएट देशों में नामीबिया का रिकॉर्ड काफी बेहतर है. ऐसे में टीम इंडिया नामीबिया को हल्के में नहीं लेना चाहेगी. टीम इंडिया की कोशिश लगातार दूसरी जीत के साथ प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचने की होगी. भारत ने अपने टूर्नामेंट ओनपर में यूएई को हराया था, लेकिन उस मैच में कप्तान सूर्या को छोड़कर अन्य बल्लेबाज खास कमाल नहीं दिखा पाए थे.
कैसा है हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
बात अगर रिकॉर्ड की करें तो दोनों देशों के बीच अभी तक सिर्फ 1 मैच खेला गया है, जिसमें भारत ने 9 विकेट से नामीबिया को रौंदा था. 2021 वर्ल्ड कप में नामीबिया ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 132 रन बनाए थे. इसके जवाब में टीम इंडिया ने 15.2 ओवर में ही 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया था.
बात अगर बीते पांच मैचों की करें तो टीम इंडिया ने चार जीते हैं और एक में उसे हार मिली है. जबकि नामीबिया ने 3 जीते हैं और दो में उसे हार मिली है. नामीबिया को वर्ल्ड कप 2026 के अपने ओपनिंग मुकाबले में स्कॉटलैंड से हार मिली थी. यह मैच दिल्ली में हो रहा है जहां जीत के लिए जरूरी औसत स्कोर 184 का है. यहां बैटिंग करने वाली टीम ने 44.4 प्रतिशत मैच जीते हैं.
दिलचस्प होगी ये टक्कर
सलामी बल्लेबाज जॉन फ्राइलिंक टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, ऐसे में यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि वह बुमराह और अर्शदीप का कैसे सामना करते हैं. नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड रासमस टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने 74 पारियों में 124 की स्ट्राइक रेट से 1851 रन बनाए हैं. उनके बाद लिस्ट में अगला नाम जेजे स्मिथ का है, जिनके नाम 58 पारियों में 1211 रन हैं. वरुण चक्रवर्ती भारत ने बीते वर्ल्ड कप के बाद से 31 मैचों में 58 विकेट झटके हैं. ऐसे में यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि जब स्पिनर आएंगे तो नामीबिया का मध्यक्रम किस तरह से उनका सामना करता है. 2024 में हुए पिछले टी20 विश्व कप के बाद से, नामीबिया ने पावरप्ले में 6.91 की इकॉनमी रेट से रन बनाए हैं. नामीबिया भारत के खिलाफ किस तरह से पावरप्ले का इस्तेमाल करती है, इस पर भी नजरें होंगी.
अट्रैक्शन ऑफ द मैच
इस मैच में सबसे अधिक नजरें सूर्यकुमार यादव पर होंगी. बीते मुकाबसे में सूर्या ने अकेले एक छोर संभाला था, जिससे टीम इंडिया 150 से अधिक का स्कोर कर पाई थी. टी20 अंतरराष्ट्रीय में मध्यक्रम में कम से कम 1500 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सूर्यकुमार यादव का स्ट्राइक रेट विश्व में सबसे अच्छा है. सूर्यकुमार यादव ने 63 मैचों में 169 की स्ट्राइक रेट से 2115 रन बनाए हैं.
सूर्या का पहली पारी में स्ट्राइक रेट 170 का है, जबकि रन चेज के दौरान यह 159 का है. सूर्या को तेज गेंदबाजों के खिलाफ रन बनान पसंद है. टी20 अंतरराष्ट्रीय में 2023 के बाद से कम से कम 750 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में तेज गेंदबाजों के खिलाफ सूर्या का स्ट्राइक रेट 164 का है, जो तीसरा सबसे अधिक है.
भारत पर होगा दवाब
मैच की पूर्व संध्या पर नामीबिया के ऑल-राउंडर लोफ्टी इटोन ने मैच से पहले कहा,"भारत में खेलना बहुत बड़ी बात है और दबाव भारत पर रहेगा. लेकिन घरेलू दर्शकों के सामने अपने मैदान पर खेलने का फायदा भी मिलेगा. हमारे पास खोने के लिये कुछ नहीं है. हम अपनी प्रतिभा और क्षमता दिखाने के लिये खेलेंगे." उन्होंने कहा,"हमें अपने कौशल पर भरोसा रखना होगा. हमने होमवर्क कर लिया है और बस खुद पर भरोसा रखकर कल खेलना है. टी20 मजेदार प्रारूप है और इसमें कुछ भी हो सकता है."
यह भी पढ़ें: SA vs AFG: ' पहले 3 छक्के और फिर 1 बॉल पर 5 रन...' राशिद खान ने रोमांचक मुकाबले में मिली हार के बाद दिया बड़ा बयान














