IND vs ENG Head To Head Record at Vankhede Stadium; T20 World Cup 2026: ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड की टीमें एक बार फिर टकराने जा रही हैं. मुकाबला मुंबई के मशहूर वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. दांव बड़ा है, जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी. ऐसे में यह मैच सिर्फ एक मुकाबला नहीं, बल्कि पुराने टशन का नया अध्याय भी होगा. यह लगातार तीसरा मौका है जब दोनों टीमें टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भिड़ रही हैं. इससे पहले 2022 और 2024 में भी दोनों आमने-सामने आ चुके हैं.
किसका पलड़ा रहा था भारी?
2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भारत को हराकर फाइनल का टिकट कटाया था और बाद में ट्रॉफी भी जीती थी. लेकिन 2024 में कहानी बदल गई. रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड को सेमीफाइनल में हराया और फिर फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को मात देकर खिताब अपने नाम किया. दिलचस्प बात यह है कि पिछले दो टी20 वर्ल्ड कप में भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल जीतने वाली टीम ही चैंपियन बनी है. यही ट्रेंड इस बार के मुकाबले को और भी खास बना रहा है.
वानखेड़े के मैदान पर किसका रिकॉर्ड बेहतर?
अगर वानखेड़े स्टेडियम के आंकड़ों पर नजर डालें तो भारत का रिकॉर्ड मजबूत दिखता है. भारत ने यहां 7 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें 5 जीते हैं. दिसंबर 2017 के बाद से टीम इंडिया यहां टी20 में नहीं हारी है. वहीं इंग्लैंड ने यहां 6 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें 3 जीते और 3 हारे हैं. भारत और इंग्लैंड इस मैदान पर दो बार भिड़ चुके हैं और दोनों ने एक-एक मुकाबला जीता है. यानी मैदान पर टक्कर बराबरी की रही है.
टी20 वर्ल्ड कप में हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप में अब तक दोनों टीमों के बीच 5 मुकाबले हुए हैं:
खेले गए मैच - 5 भारत ने जीता - 3 इंग्लैंड ने जीता - 2
सेमीफाइनल की बात करें तो दोनों टीमें 2 बार भिड़ी हैं और 1-1 जीत दर्ज की है.
साल 2007 से शुरू हुई थी खास राइवलरी
भारत-इंग्लैंड की टी20 राइवलरी की सबसे यादगार घटना 2007 वर्ल्ड कप में देखने को मिली थी, जब युवराज सिंह ने स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के लगाए थे. वह पल आज भी क्रिकेट फैंस को रोमांचित कर देता है और इन दोनों टीमों के मुकाबलों को खास बना देता है.
अब कौन मारेगा बाजी?
आंकड़े बताते हैं कि मुकाबला बेहद करीबी रहने वाला है. वानखेड़े में भारत का रिकॉर्ड मजबूत है, लेकिन इंग्लैंड भी बड़े मैचों की टीम मानी जाती है. ऐसे में सवाल यही है की क्या इतिहास फिर दोहराया जाएगा या इस बार नई कहानी लिखी जाएगी? फैंस को एक और हाई-वोल्टेज मुकाबले का इंतजार है जो 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा.














