आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच क्रिकेट प्रेमियों के सिर चढ़कर बोल रहा है. टूर्नामेंट का 'लीग' और 'सुपर-8' चरण समाप्त हो चुका है. चार मार्च से सेमी-फाइनल चरण का आगाज हो रहा है. जहां पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की भिड़ंत न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के साथ है. वहीं दूसरे मुकाबले में पांच मार्च को भारतीय टीम इंग्लैंड क्रिकेट टीम का सामना करेगी. दोनों टीमों के बीच यह रोमांचक मुकाबला मुंबई स्थित वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. यहां जिस टीम को जीत मिलेगी. वह आठ मार्च को अहमदाबाद में खिताब के लिए जोर लगाएगी.
डराने वाला रिकॉर्ड आया सामने
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले इस मुकाबले से पहले एक ऐसा रिकॉर्ड सामने आया है. जिसे देख हर कोई न चाहते हुए भी टीम इंडिया की जीत पर शक करने लगा है. दरअसल, भारत और इंग्लैंड की टीम खबर लिखे जाने तक टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पांच बार आमने-सामने हुई है. इस दौरान पहले मैच में भारतीय टीम को जीत मिली थी. उसके बाद दूसरे मुकाबले में पलटवार करते हुए इंग्लिश टीम मैदान मारने में कामयाब हुई थी.
| टी20 वर्ल्ड कप | भारत | इंग्लैंड |
| 2007 | जीत | हार |
| 2009 | हार | जीत |
| 2012 | जीत | हार |
| 2022 | हार | जीत |
| 2024 | जीत | हार |
प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में दोनों टीमें 2012 में फिर से आमने सामने हुईं. जहां भारतीय टीम ने इंग्लिश टीम को 90 रनों से रौंदा. जिसका बदला इंग्लैंड की टीम ने 2022 टी20 वर्ल्ड कप के सेमी फाइनल में लिया. यहां वह भारत को 10 विकेट से करारी शिकस्त देने में कामयाब हुई थी. दोनों टीमों के बीच प्रतिद्वंद्विता यहीं समाप्त नहीं हुई. 2024 में दोनों टीमें एक बार फिर से प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में आमने सामने हुईं. यहां भारत ने एक बार फिर से इंग्लैंड को 68 रनों से धोया.
अब दोनों टीमें एक बार फिर से टी20 वर्ल्ड कप में आमने सामने हैं. दोनों टीमों के इतिहास को देखते हुए भारतीय फैंस डरे हुए हैं. उनका लग रहा है कि कहीं फिर से इंग्लैंड की टीम पलटवार ना कर दे. क्योंकि जब-जब भारतीय टीम ने इंग्लिश टीम को हराया है. तब तब उन्होंने पलटवार करते हुए अगले सीजन में भारतीय टीम को धूल चटाया है. पिछली बार उन्हें भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. इस बार वह हार का बदला जरूर लेना चाहेंगे.
टी20 वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड ने एक दूसरे को कब-कब हराया
2007 टी20 वर्ल्ड कप - ग्रुप स्टेज - भारत ने इंग्लैंड को 18 रन से हराया
2009 टी20 वर्ल्ड कप - सुपर-8 - इंग्लैंड ने भारत को तीन रन से हराया
2012 टी20 वर्ल्ड कप - ग्रुप स्टेज - भारत ने इंग्लैंड को 90 रन से हराया
2022 टी20 वर्ल्ड कप - सेमी फाइनल - इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हराया
2024 टी20 वर्ल्ड कप - सेमी फाइनल - भारत ने इंग्लैंड को 68 रन से हराया
यह भी पढ़ें- सैमसन नहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के लिए इस भारतीय स्टार को मिला 'इम्पैक्ट प्लेयर' का अवॉर्ड














