IND vs ENG 3rd T20I Highlights: इंग्लैंड ने भारत को 26 रनों से हराया, वरुण चक्रवर्ती की करिश्माई गेंदबाजी गई बेकार

India vs England 3rd T20I Highlights: इंग्लैंड से मिले 172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 145 रन ही बना पाई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
India vs England, 3rd T20I Highlights: भारत को तीसरे टी20 में 26 रनों से हार का सामना करना पड़ा है

IND vs ENG 3rd T20I Highlights: अपने बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण भारत को मंगलवार को तीसरे टी20 मैच में इंग्लैंड के हाथों 26 रन से पराजय का सामना करना पड़ा हालांकि पांच मैचों की सीरीज में मेजबान टीम अभी भी 2-1 से आगे है. जीत के लिये 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम नौ विकेट पर 145 रन ही बना सकी. हार्दिक पंड्या ने सर्वाधिक 40 रन बनाये लेकिन इसके लिये उन्होंने 35 गेंद खेल डाली. (Scorecard)

इंग्लैंड के लिये पावरप्ले में जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड प्रभावी रहे तो बीच के ओवरों में लेग स्पिनर आदिल रशीद ने दबाव बनाया. पहले दो मैच में आर्चर के सामने सहज होकर नहीं खेल सके संजू सैमसन छह गेंद में तीन रन बनाकर फिर इसी गेंदबाज का शिकार हुए. सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 14 गेंद में 25 रन बनाये लेकिन ब्रायडन कार्स ने उन्हें पवेलियन भेजा.

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सात गेंद में 14 रन बनाये और वह वुड की गेंद पर गलत शॉट खेलकर एक बार फिर सस्ते में विकेट गंवा बैठे. फॉर्म में चल रहे तिलक वर्मा उस लय को कायम नहीं रख सके और रशीद की गेंद सीधे उनके स्टम्प पर लगी.

इससे पहले मोहम्मद शमी ने 14 महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार वापसी की लेकिन वरूण चक्रवर्ती ने फिरकी का जादू बिखेरते हुए पांच विकेट लिये जिसकी मदद से भारत ने इंग्लैंड को नौ विकेट पर 171 रन पर रोक दिया.

Advertisement

बेन डकेट ( 28 गेंद में 51 रन ) के आक्रामक अर्धशतक के बाद इंग्लैंड की टीम ने लय खो दी और सपाट विकेट पर चक्रवर्ती ने उसे एक के बाद एक झटके दिये. एक समय इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट पर 83 रन था जो आठ विकेट पर 127 रन हो गया. लियाम लिविंगस्टोन ने 24 गेंद में 43 रन बनाकर टीम को 150 रन के पार पहुंचाया.

चक्रवर्ती ने टी20 क्रिकेट में दूसरी बार पारी के पांच विकेट लिये जब उन्होंने जोफ्रा आर्चर को गुगली पर बोल्ड किया. रवि बिश्नोई ने चार ओवर में 46 रन देकर एक विकेट लिये जबकि चक्रवर्ती ने चार ओवर में 24 रन देकर पांच विकेट चटकाए. अक्षर पटेल ने तीन ओवर में 19 रन देकर एक विकेट लिया.

Advertisement

इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी थी दोनों टीमें:

भारत प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ध्रुव जुरेल, हार्दिक पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती

इंग्लैंड प्लेइंग इलेवन: फिलिप साल्ट, बेन डकेट, जोस बटलर (कप्तान), हैरी ब्रूक, लियाम लिविंगस्टोन, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जेमी ओवरटन, ब्रायडन कार्से, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, मार्क वुड

Highlights of India vs England 3rd T20I From Niranjan Shah Stadium, Rajkot 



Featured Video Of The Day
Israel Attack Iran BREAKING: ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल बनाने वाले ठिकाने पर इजरायल का हमला! | War
Topics mentioned in this article