टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है. रविवार (एक मार्च) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराते हुए भारतीय टीम ने अंतिम चार का टिकट हासिल किया. टीम इंडिया छठी बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची है. टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम की भिड़ंत 5 मार्च को इंग्लैंड के साथ होगी. आइए, आपको बताते हैं नॉकआउट मुकाबलों में अब तक भारतीय टीम का रिकॉर्ड कैसा रहा है. भारतीय टीम ने साल 2007 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के पहले ही संस्करण में सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया था. एमएस धोनी की अगुवाई में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था. इस मुकाबले में युवराज सिंह ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 70 रनों की दमदार पारी खेली थी. वहीं, धोनी ने 18 गेंदों में 200 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए नाबाद 36 रन बनाए थे. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 188 रन लगाए थे. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 7 विकेट गंवाकर 173 रन ही बना सकी थी. वहीं, गेंदबाजी में इरफान पठान और जोगिंदर शर्मा ने दो-दो विकेट निकाले थे.
2007 में चैंपियन बनने के बाद भारतीय टीम को टी20 विश्व कप का अगला सेमीफाइनल खेलने का मौका 7 साल बाद मिला था. टी20 वर्ल्ड कप 2014 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना साउथ अफ्रीका से हुआ था. साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 172 रन बनाए थे. हालांकि, टीम इंडिया ने 173 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 4 विकेट गंवाकर 19.1 ओवर में हासिल कर लिया था. विराट कोहली ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 72 रनों की नाबाद पारी खेली थी.
साल 2016 में घरेलू सरजमीं पर खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में टीम इंडिया की भिड़ंत वेस्टइंडीज से हुई थी. विराट कोहली की 89 और रोहित शर्मा की 43 रनों की दमदार पारी के बूते पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 192 रन बनाए थे. हालांकि, लेंडल सिमंस की नाबाद 82 और जॉनसन चार्ल्स की 36 गेंदों में खेली गई 52 रनों की पारी के दम पर कैरेबियाई टीम 193 रनों के लक्ष्य को हासिल करने में सफल रही थी.
साल 2022 में ऑस्ट्रेलिया की धरती पर खेले गए टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारतीय टीम को इंग्लैंड के हाथों करारी हार झेलनी पड़ी थी. हार्दिक पांड्या की 33 गेंदों में खेली गई 63 रनों की दमदार पारी और विराट कोहली के 50 रनों की बदौलत भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 168 रन लगाए थे. हालांकि, इंग्लैंड ने जोस बटलर और एलेक्स हेल्स की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर बिना कोई विकेट गंवाए 169 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया था.
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को हराते हुए पिछले विश्व कप में मिली हार का हिसाब चुकता कर लिया था. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 171 रन बनाए. रोहित शर्मा ने 39 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 47 रनों का योगदान दिया था.
हालांकि, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल की घूमती गेंदों के आगे इंग्लिश बल्लेबाजों ने आसानी से घुटने टेक दिए थे. इंग्लैंड की पूरी टीम महज 103 रन बनाकर सिमट गई थी. कुलदीप और अक्षर ने तीन-तीन विकेट निकाले थे.
यह भी पढ़ें- SA vs NZ: दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड ने एक दूसरे को कब-कब, कहां और कैसे दी है शिकस्त? सारे जवाब यहां














