India Cricket Team Record At Narendra Modi Stadium: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला आठ मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. जहां टीम इंडिया का रिकॉर्ड काफी शानदार है. भारतीय टीम ने यहां खबर लिखे जाने तक कुल 47 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. जहां ब्लू टीम को 26 मुकाबलों में कामयाबी हाथ लगी है और महज 14 मैचों में शिकस्त का सामना करना पड़ा है. वहीं बात करें टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के बारे में तो यहां भारतीय टीम ने 10 मैच खेले हैं. इस दौरान भारतीय टीम को सात मैचों में जीत मिली है, जबकि तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यहां भारतीय टीम का जीत प्रतिशत 70 है.
अहमदाबाद में इन तीन टीमों के खिलाफ भारतीय टीम को T20I में मिली है शिकस्त
भारतीय टीम को टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में जिन तीन टीमों के खिलाफ अहमदाबाद में हार का सामना करना पड़ा है. वह इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीम है. इंग्लिश टीम ने 2021 में दो बार भारतीय टीम को यहां शिकस्त दी थी. वहीं तीसरी हार भारत को अफ्रीका के खिलाफ जारी टूर्नामेंट में ही मिली है.
22 फरवरी को अहमदाबाद में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफ्रीकी टीम ने अहमदाबाद में 187/7 रन बनाए थे. जिसका पीछा करते हुए पूरी भारतीय टीम 18.5 ओवरों में 111 रनों पर ढेर हो गई थी. नतीजन टीम को 76 रनों के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा था. टूर्नामेंट में भारतीय टीम की एकमात्र यही हार भी है.
पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को मिली है ज्यादा जीत
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ओस अहम कारक है. मगर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को इसका कुछ खास लाभ प्राप्त नहीं हुआ है. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को 13 में से आठ मैचों में जीत मिली है, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों के केवल पांच मैचों में कामयाबी हाथ लगी है.
काली मिट्टी की पिच पर लक्ष्य का पीछा करना नहीं है आसान
अहमदाबाद की पिच काली मिट्टी की बनी हुई है, जो मैच के आगे बढ़ने के साथ ही धीमी होती चली जाती है. इससे लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. यहां पहली पारी का औसत स्कोर 174, जबकि दूसरी पारी का औसत स्कोर 150 के करीब है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के छह मैच खेले जा चुके हैं इस मैदान पर
अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अबतक कुल छह मैच खेले जा चुके हैं. जिनमें से तीन टीमों ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जीत हासिल की है. दो टीमों ने लक्ष्य का पीछा किया है, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा है.
यह भी पढ़ें- IND vs NZ का वह डिपार्टमेंट, जो घोषित करेगा कि कौन सी टीम इस बार बनेगी चैंपियन, यहीं पर है सबसे ज्यादा लड़ाई














