IND vs SL, 2nd Test: भारतीय टीम सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में जारी दूसरे टेस्ट मैच में जीत के बेहद करीब है. बुधवार को चौथे दिन का खेल बारिश के चलते जल्द खत्म हो गया. दिन की समाप्ति तक श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट खोकर 229 रन बना लिए हैं. यहां से श्रीलंका के पास सिर्फ 16 रन की लीड है. ऐसे में भारत मुकाबले के अंतिम दिन श्रीलंकाई टीम को जल्द समेटकर जीत के 'गोल्डन चांस' को भुनाने उतरेगा.
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की. टीम इंडिया ने 66 रन तक केएल राहुल (18) और यशस्वी जायसवाल (45) के विकेट गंवा दिए थे. यहां से देवदत्त पड्डिकल ने कप्तान शुभमन गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. शुभमन 6 चौकों के साथ 50 रन बनाकर आउट हुए.
पड्डिकल ने संभाला मोर्चा
इसके बाद पड्डिकल ने मोर्चा संभाला. उन्होंने रवींद्र जडेजा (43) के साथ 74 रन की साझेदारी करते हुए भारत को 281 के स्कोर तक पहुंचाया. पड्डिकल 193 गेंदों में 117 रन बनाकर आउट हुए. उनकी इस पारी में 12 चौके शामिल रहे. पहले दिन बल्लेबाजी के दौरान चोटिल होकर 'रिटायर्ड हर्ट' होने वाले ऋषभ पंत दूसरे दिन के पहले सेशन में फिर से बल्लेबाजी के लिए उतरे. उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ 112 रन जुटाकर टीम को 400 के पार पहुंचा दिया.
श्रीलंका के असिथा फर्नांडो के नाम सबसे ज्यादा विकेट
पंत भारत के खाते में 63 रन जोड़कर वापस लौटे, जिसके बाद जुरेल ने 2 छक्कों और 9 चौकों के साथ 115 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को 503 के स्कोर तक पहुंचाया. मेजबान टीम की तरफ से असिथा फर्नांडो ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि प्रभात जयसूर्या और केशरा नुवानथा को 2-2 विकेट हाथ लगे. इसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर सिमट गई. इस टीम ने 35 के स्कोर तक 3 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद पसिंदु सूरियाबंदारा ने कामिंदु मेंडिस के साथ चौथे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शतक के पार पहुंचाया.
कामिंदु 32 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पसिंदु ने 9 चौकों के साथ 80 रन टीम के खाते में जोड़े. इसके बाद सोनल दिनुषा ने मोर्चा संभाला. उन्होंने केशरा नुवानथा के साथ 57 रन, जबकि लाहिरू कुमारा के साथ 58 रन की साझेदारी की. सोनल (103) टीम को फॉलोऑन बचाने के बेहद करीब लेकर गए, लेकिन श्रीलंका इससे सिर्फ 14 रन पीछे रह गई. भारत के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि सारांश जैन ने 2 शिकार किए. इनके अलावा, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को 1-1 विकेट हाथ लगा.
टीम इंडिया के पास पहली पारी के आधार पर 213 रन की बढ़त थी. ऐसे में भारत ने मेजबान टीम को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया. श्रीलंकाई टीम मुकाबले के चौथे दिन फिर से बल्लेबाजी के लिए उतरी और 5 के स्कोर पर लाहिरू उडारा (3) का विकेट गंवा दिया. इसके बाद पसिंदु सूरियाबंदारा ने जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने कामिल मिशारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 58 रन, जबकि कामिंदु मेंडिस के साथ तीसरे विकेट के लिए 115 रन जोड़कर टीम को पारी के अंतर से हार के खतरे से बचा लिया.
कामिंदु मेंडिस 55 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पसिंदु ने 11 बाउंड्री के साथ 92 रन बनाए. इनके अलावा, कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने टीम के खाते में 23 रन का योगदान दिया. श्रीलंका ने दूसरी पारी में 72.4 ओवरों के खेल तक 6 विकेट खोकर 229 रन बना लिए थे. इसी बीच बारिश ने मैच में दखल दे दिया, जिसके कुछ देर बाद स्टंप्स की घोषणा कर दी गई. भारत की तरफ से इस पारी में मानव सुथार सर्वाधिक 2 विकेट हासिल कर चुके हैं. इनके अलावा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, सारांश जैन और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट चटकाया है.
ये भी पढ़ें- भारत-पाकिस्तान की एक और टक्कर तय, UAE में होगी दिग्गजों की महाजंग, जानें कब शुरू होगा तीसरा सीजन?