Most Runs in Test Cricket: 20 जून से लीड्स में भारत-इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज की शुरुआत होनी है और इस सीरीज के दौरान जिस बल्लेबाज पर सबकी नजरें होंगी वो जो रूट हैं. रेड बॉल क्रिकेट में 36 शतक लगाने वाले रूट का विकेट टीम इंडिया के लिए काफी अहम होगा और क्योंकि वो अकेले दम पर पूरी सीरीज का रूख मोड़ सकते हैं. ऐसे में जो रूट इस सीरीज में काफी अहम भूमिका निभा सकते हैं और अगर उन्होंने इस सीरीज के दौरान 373 रन बना लिए तो वो कई दिग्गजों को पीछे छोड़ टेस्ट क्रिकेट में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे.
टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज
टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं. पूर्व भारतीय दिग्गज ने 200 मुकाबलों की 329 पारियों में 53.78 की औसत से 15921 रन बनाए हैं. तेंदुलकर इस दौरान 33 बार नाबाद लौटे हैं. तेंदुलकर के बल्ले से 51 शतक और 68 अर्द्धशतक आए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 248 रनों का है.
इसके बाद लिस्ट में दूसरे स्थान पर रिकी पोंटिंग है. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने 168 टेस्ट की 287 पारियों में 51.85 की औसत से 13378 रन बनाए हैं. पोंटिंग के बल्ले से 41 शतक और 62 अर्द्धशतक आए हैं. जबकि इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर पूर्व अफ्रीकी कप्तान जैक्स कैलिस हैं. जैक्स कैलिस ने 166 मैचों की 280 पारियों में 55.37 की औसत से 13289 रन बनाए हैं.
टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज | ||||||
बल्लेबाज | मैच | पारी | रन | औसत | शतक | अर्द्धशतक |
सचिन तेंदुलकर | 200 | 329 | 15921 | 53.78 | 51 | 68 |
रिकी पोंटिंग | 168 | 287 | 13378 | 51.85 | 41 | 62 |
जैक्स कैलिस | 166 | 280 | 13289 | 55.37 | 45 | 58 |
राहुल द्रविड़ | 164 | 286 | 13288 | 52.31 | 36 | 63 |
जो रूट | 153 | 279 | 13006 | 50.80 | 36 | 65 |
एलिस्टर कुक | 161 | 291 | 12472 | 45.35 | 33 | 57 |
कुमार संगाकारा | 134 | 233 | 12400 | 57.40 | 38 | 52 |
ब्रायन लारा | 131 | 232 | 11953 | 52.88 | 34 | 48 |
शिव च्रंदपॉल | 164 | 280 | 11867 | 51.37 | 30 | 66 |
महेला जयवर्धने | 149 | 252 | 11814 | 49.84 | 34 | 50 |
जो रूट के निशाने पर दिग्गजों का रिकॉर्ड
टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर मौजूद जो रूट की नजरें इस सीरीज के दौरान रिकी पोंटिंग, जैक्स कैलिस, राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर पहुंचने की होगी. जो रूट को ऐसा करने के लिए 373 रन बनाने होंगे. जो रूट के 13006 रन हैं. और भारत के खिलाफ सीरीज के दौरान 284 रन बनाते ही वो राहुल द्रविड़ और जैक्स कैलिस को पीछे छोड़ देंगे. जबकि पोंटिंग को पीछे छोड़ने के लिए उन्हें और 89 रनों की जरूरत होगी.
ऐसा है सीरीज का शेड्यूल
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 20 जून से लीड्स में खेला जाना है. जबकि दूसरा मुकाबला बर्मिंघम में 02 जुलाई से खेला जाएगा. लॉर्ड्स में सीरीज का तीसरा मुकाबला 10 जुलाई से होगा जबकि चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा. वहीं 31 जुलाई से ओवल में सीरीज का पांचवां मुकाबला खेला जाएगा.