Sourav ganguly on Yashasvi Jaiswal: टीम इंडिया ने इसी महीने तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता तो दुनिया भर की नज़रें उन सितारों पर ज़रूर रहीं जो वर्ल्ड विजेता बनकर देश का नाम रोशन करते रहे. लेकिन 2024 और 2026 की विश्व विजेता में कुछ ऐसे धुरंधर भी रहे जो आख़िरकार टीम का हिस्सा नहीं बन पाए और इसने दिग्गजों को हैरान कर दिया. पूर्व कप्तान सौरव गांगुली से लेकर सरहद पार कई पाकिस्तानी क्रिकेटर्स, एक्सपर्ट्स भी हैरान होते रहे कि बांये हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल की टीम इंडिया में जगह ही नहीं बन पाई. मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया में अभिषेक शर्मा, संजू सैसमन और ईशान किशन जैसे ओपनर्स की भीड़ में यशस्वी जायसवाल जैसे हुनरमंद खिलाड़ी की जगह ही नहीं बन पाई. यशस्वी 2024 की वर्ल्ड विजेता टीम का भी हिस्सा रहे लेकिन उन्हें कभी प्लेइंग XI में तब भी जगह नहीं मिला पाई.
हैरान हूं कि यशस्वी एक ही फॉर्मैट में खेलते हैं: गांगुली
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने हाल ही में यशस्वी जायसवाल की तारीफ़ करते हुए हैरानी ज़ाहिर की कि वो सिर्फ़ एक ही फॉर्मैट में टीम इंडिया के लिए खेलते नज़र आते हैं. गांगुली ने कहा, “टीम इंडिया के पास कमाल के टैलैंटेड खिलाड़ी हैं. टैलैंट की भरमार है. मैं हैरान हूं ये देखकर कि यशस्वी जायसवाल जैसा टैलेंटेड खिलाड़ी एक ही फॉर्मैट में खेलता दिख रहा है.”
एक्सपर्ट्स इसे लेकर ये भी कहते रहे हैं कि क्योंकि टीम इंडिया के पास बेशुमार टैलेंट है और बेंच स्ट्रेंथ बेहद स्ट्रॉन्ग है, इसलिए कई हुनरमंद खिलाड़ी प्लेइंग XI का हिस्सा नहीं बन पा रहे.
पूर्व पाकिस्तानी दिग्गज गेंदबाज़ वकार युनूस ने वर्ल्ड कप से पहले बयान दिया, “टीम इंडिया में कई क्वालिटी के खिलाड़ियों को जगह नहीं मिल पाई. मुझे यशस्वी जायसवाल की बैटिंग बहुत पसंद है. मैं उन्हें खेलते हुए देखना चाहता हूं.”
यशस्वी के नाम तीनों फॉर्मैट में शतक
24 साल के बांये हाथ के यशस्वी जायसवाल ने अबतक 28 टेस्ट, 4 वनडे और 23 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैचों में हिस्सा लिया है. दिलचस्प ये है कि उन्होंने तीनों ही फॉर्मैट में शतकीय पारियां खेली हैं.
यशस्वी ने 28 टेस्ट में करीब 50 के औसत से 7 शतक और 13 अर्द्धशतकों के सहारे 2500 से ज़्यादा रन बनाये हैं. 4 वनडे में उनके नाम 57 के औसत से 1 शतकीय पारी है. जबकि, 23 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 में उन्होंने 165 के स्ट्राइक रेट से 1 शतक और 5 अर्द्धशतक लगाए हैं.
राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए भी यशस्वी का अलग ही जलवा रहा है. पिछले 6 सीज़न में उन्होंने IPL में 153 के स्ट्राइक रेट से 2 शतक और 15 अर्द्धशतकों के सहारे 2100 से ज़्यादा रन बनाये हैं. पिछले सीज़न यशस्वी ने 160 के स्ट्राइक रेट से 6 अर्द्धशतकों के सहारे 559 रन बनाये.
ऑलराउंडर बन गए हैं यशस्वी
इस सीज़न की शुरुआत यशस्वी ने नेट्स पर अपनी पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर की और वो भी रविंद्र जडेजा की गेंद पर. सौशल मीडिया के वीडियो के मुताबिक जडेजा ने इसे लेकर यशस्वी से मज़ाक भी किया और कहा, “अभी कह रहा था रात को नींद नहीं पूरी हुई. रूम में तैयारी करके आया है ये!”ज़ाहिर है यशस्वी इस सीज़न एक बदले हुए इरादे के साथ मैदान पर उतरेंगे. बड़ी बात ये भी है कि यशस्वी इन दिनों नेट्स पर अपनी गेंदबाज़ी पर अच्छा-ख़ासा ज़ोर देते नज़र आते हैं. बतौर लेगस्पिनर उन्होंने फ़र्स्ट क्लास और लिस्ट-A में 10 विकेट अपने नाम किये हैं. इस सीज़न यशस्वी राजस्थान के लिए आईपीएल में ज़्यादा गेंदबाज़ी करते नज़र आ सकते हैं.














