IPL 2026: हार्दिक पंड्या को लगा झटका, KKR के खिलाफ मैच में कर दी ये बड़ा गलती, BCCI ने लगाया जुर्माना

Hardik Pandya Fined, MI vs KKR IPL 2026: आईपीएल 2026 के बीच कप्तान हार्दिक पांड्या को मैदान पर गुस्सा दिखाना बेहद भारी पड़ गया. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने के चलते हार्दिक पर जुर्माना लगाया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Hardik Pandya Fined, MI vs KKR IPL 2026:

Hardik Pandya Fined, MI vs KKR IPL 2026: आईपीएल 2026 के 65वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. इस सीजन में मिली 9वीं हार से एमआई के कप्तान हार्दिक पांड्या खासा निराश नजर आए. इसके साथ हीं कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को मैदान पर गुस्सा दिखाना भारी पड़ गया. आईपीएल 2026 के आचार संहिता का उल्लंघन करने के चलते हार्दिक पांड्या पर उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है. यह पूरी घटना कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी के 10वें ओवर के दौरान की है, जब हार्दिक पांड्या गेंदबाजी खत्म होने के बाद अपने रन-अप पर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान उन्होंने गुस्से में आकर विकेट पर लगी बेल्स को जोर से नीचे गिरा दिया.

हार्दिक पांड्या को आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का दोषी पाया गया है, जो मैच के दौरान क्रिकेट के सामान, कपड़ों, मैदान के उपकरणों या फिक्स्चर और फिटिंग्स के गलत इस्तेमाल से संबंधित है. कप्तान द्वारा अपनी गलती मानने के बाद मैच रेफरी ने सजा का एलान किया. 

सीजन में 9वीं हार से कप्तान हार्दिक पांड्या निराश

इस सीजन में मिली 9वीं हार से एमआई के कप्तान हार्दिक पांड्या खासा निराश नजर आए. हार्दिक ने माना कि पावरप्ले में अधिक विकेट गंवाना टीम को महंगा पड़ा. मैच के बाद कप्तान हार्दिक ने कहा, "हां, मेरा मतलब है कि मैच काफी मजेदार था. एक बल्लेबाजी ग्रुप के तौर पर हमने 20 रन कम बनाए. मुझे लगता है कि हमने पावरप्ले में बहुत सारे विकेट गंवा दिए, लेकिन अगर तिलक और मैं ज्यादा देर तक टिके रहते और हमने कुछ और साझेदारियां करके 15 से 20 रन और बनाए होते, तो मुझे लगता है कि हमारे पास अच्छा मौका होता."

पिच को लेकर कप्तान हार्दिक ने कहा, "सच कहूं तो मुझे इस तरह के विकेट पर खेलने में कोई दिक्कत नहीं है, जहां गेंदबाजों के पास करने के लिए कुछ होता है. मुझे लगता है कि आईपीएल में बल्लेबाजों का दबदबा काफी बढ़ता जा रहा है. गेंदबाज खुद को बेबस महसूस कर रहे हैं. मुझे लगता है कि इस मुकाबले में गेंदबाजों को भी विकेट से मदद मिल रही थी, जिसके चलते वे अच्छी गेंदबाजी कर सके."

Advertisement

हार्दिक पांड्या ने माना कि मुंबई इंडियंस की पूरी सीजन में फील्डिंग काफी खराब रही. उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि पूरे सीजन में, हम फील्डिंग में काफी खराब रहे हैं. मेरे हिसाब से हमने बहुत सारे कैच छोड़े हैं, जो जाहिर है कोई नहीं करना चाहता. मेरा मतलब है कि अगर आपको मौके मिलते हैं. अगर आप मैच जीतना चाहते हैं, तो आपको सभी मौकों का फायदा उठाना होगा, यहां तक कि मुश्किल कैचों को भी पकड़ना होगा."

हार्दिक की कप्तानी में एमआई का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में काफी निराशाजनक रहा है. टीम इस सीजन अब तक खेले 13 मुकाबलों में सिर्फ 4 में ही जीत दर्ज कर सकी है, जबकि 9 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है. मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है. एमआई इस सीजन का अपना आखिरी लीग मुकाबला 24 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान वानखेड़े में खेलेगी.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Sushil Prajapati Dasna Jail | जेल के बाहर भव्य स्वागत पर रेप के आरोपी सुशील प्रजापति ने क्या बताया?