Gautam Gambhir-Sanju Samson; IND vs WI T20 World Cup 2026: क्रिकेट की दुनिया में अक्सर कहा जाता है कि रिकॉर्ड्स बनते ही टूटने के लिए हैं, लेकिन कुछ आंकड़े ऐसे होते हैं जो महज इत्तेफाक नहीं, बल्कि 'किस्मत के लिखे' लगते हैं. सोशल मीडिया पर इस समय एक तस्वीर आग की तरह वायरल हो रही है, जिसमें एक तरफ टीम इंडिया के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर हैं और दूसरी तरफ उनके चहेते शिष्य संजू सैमसन. यह सिर्फ दो खिलाड़ियों की तस्वीर नहीं है, बल्कि दो अलग-अलग युगों के बीच एक ऐसा 'स्वर्णिम संयोग' है जिसने भारतीय क्रिकेट फैंस को भी हैरान कर दिया है.
Photo Credit: Star Sports
साल 2011 में जब गंभीर बने थे भारत के 'संकटमोचक'
तस्वीर का ऊपरी हिस्सा हमें 2 अप्रैल 2011 की ऐतिहासिक रात में ले जाता है, मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम, वर्ल्ड कप का फाइनल और सामने श्रीलंका. जब सहवाग और सचिन जैसे दिग्गज जल्दी पवेलियन लौट गए थे, तब गौतम गंभीर ने क्रीज पर खूंटा गाड़ दिया था. उन्होंने 122 गेंदों में 97 रनों की वह यादगार पारी खेली थी, जिसने भारत के विश्व विजेता बनने की नींव रखी. भले ही वह शतक से चूक गए थे, लेकिन उन 97 रनों की कीमत करोड़ों भारतीयों के लिए किसी भी शतक से कहीं ज्यादा थी.
साल 2026 में संजू सैमसन ने दोहराया वही 'मैजिक नंबर'
तस्वीर का निचला हिस्सा आज की कहानी बयां करता है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में जब वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के लिए 'करो या मरो' की जंग थी, तब ओपनर के तौर पर उतरे संजू सैमसन ने वही करिश्मा कर दिखाया. फॉर्मेट बदला, रफ्तार बदली, लेकिन नंबर वही रहा 97 रन वो भी नाबाद पारी. संजू ने महज 50 गेंदों में कैरेबियाई गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए टीम इंडिया का सेमीफाइनल टिकट पक्का कर दिया.
विश्व कप का शुभ संयोग
इन दोनों पारियों में कुछ ऐसी समानताएं हैं जो किसी को भी हैरान कर दें. साल 2011 में गंभीर ने जल्दी विकेट गिरने के बाद ओपनर के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी और 2026 में संजू ने भी बतौर ओपनर टीम की नैया पार लगाई. साथ ही दोनों ही बल्लेबाजों ने बड़े मंच पर 97 रनों के स्कोर पर पहुंचे और नतीजा भी समान रहा. गंभीर की उस पारी ने भारत को चैंपियन बनाया था और संजू की इस पारी ने भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाकर एक बार फिर विश्व विजेता बनने की उम्मीद जगा दी है.
गुरु का आशीर्वाद, चेले का प्रहार
आज गौतम गंभीर टीम इंडिया के हेड कोच हैं और संजू सैमसन उन्हीं की देखरेख में अपनी बल्लेबाजी को तराश रहे हैं. ड्रेसिंग रूम में जब गंभीर ने संजू को गले लगाया, तो शायद उन्हें 15 साल पुराना अपना वह संघर्ष याद आ गया होगा.














