इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट (ENG vs IND 5th Test) के पहले दिन 146 रन बनाकर भारत को संकट से निकालने वाले टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) की पारी को पूर्व क्रिकेटरों ने 'दबाव में खेली गई खास पारी' बताया है. भारत के पांच विकेट 98 रन पर गिर गए थे जिसके बाद पंत और रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) (नाबाद 83 रन) ने 222 रन की नाबाद साझेदारी की. बीसीसीआई ने इस सभी ट्वीट का एक कोलाज बनाकर शेयर किया, जो इस बल्लेबाज के लिए भी सम्मान की बात होगी. खेल जगत के अलावा पंत के लिए एक और खास शख्स की ओर से तारीफ और बधाई आई, भारत के बिजनेस टाइकून आनंद महिंद्रा ने ट्वीट पर पंत की पारी को 'टेस्ट क्रिकेट का तांडव' बताया.
महिंद्रा एंड महिंद्रा के मालिक आनंद महिंद्रा ने अपने ट्वीट में पंत को 'खेल का कलाकार' बताया.
चैम्पियन बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट किया, "शानदार ऋषभ पंत. बेहतरीन." उन्होंने आगे लिखा, "रविंद्र जडेजा की भी महत्वपूर्ण पारी. स्ट्राइक बखूबी रोटेट की और शानदार शॉट खेले."
भारत के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने ट्वीट किया, "दबाव में टेस्ट बल्लेबाजी का खास नमूना ऋषभ पंत ने पेश किया. रविंद्र जडेजा की जितनी तारीफ की जाए, कम है."
बीसीसीआई जय शाह ने भी पंत के लिए ट्वीट किया. उन्होंने लिखा, "महत्वपूर्ण समय में ऋषभ पंत की शानदार पारी! सिर्फ 89 गेंदों में 100 रन बनाना वाकई काबिले तारीफ है. रवींद्र जडेजा की तरफ से भी शानदार टीम वर्क. अर्धशतक के साथ-साथ साझेदारी बनाई."
वीरेंद्र सहवाग ने लिखा, "पंत अपनी ही लीग में है. दुनिया का सबसे मनोरंजक क्रिकेटर. यह पारी खास है."
पंत की पारी पर ट्विटर पर अन्य प्रतिक्रिया इस प्रकार है.
वेंकटेश प्रसाद : ऋषभ पंत ने बॉक्स आफिस हिट पारी खेली. जवाबी हमले की सबसे लाजवाब पारियों में से एक. खास खिलाड़ी.
सुरेश रैना : क्या शानदार साझेदारी. पंत और जडेजा इसी तरह खेलते रहो. दोनों को शाबासी.
हरभजन सिंह : उम्दा पारी ऋषभ पंत. जब टीम को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी. ऐसे ही खेलते रहो.
संजय मांजरेकर : पंत आजकल मजे के लिए महान टेस्ट पारियां खेल रहा है. वाह.
कुलदीप यादव : फायर है ऋषभ पंत.
मोहम्मद कैफ : पंत ने दिखा दिया कि आत्मविश्वास से आप मैच पलट सकते हैं.
वसीम जाफर : सुपर स्टफ ऋषभ पंत. टेस्ट क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्लेबाज.
राशिद खान : ऋषभ पंत अद्भुत है.
क्रिकेट से जुड़ी Latest Updates के लिए अभी NDTV Sports Hindi को सब्सक्राइब करें. Click to Subscribe













