CSK vs GT IPL 2026 Highlights: गुजरात ने चेन्नई को 8 विकेट से रौंदा, साई सुदर्शन ने खेली 87 रनों की पारी

Chennai Super Kings vs Gujarat Titans IPL 2026 Highlights: साई सुदर्शन की अर्द्धशतकीय पारी के दम पर गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से रौंद दिया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Chennai Super Kings vs Gujarat Titans IPL 2026 Highlights

Chennai Super Kings vs Gujarat Titans IPL 2026 Highlights: कगिसो रबाडा की अगुवाई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के बाद साई सुदर्शन की अर्द्धशतकीय पारी के दम पर गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से रौंद दिया. चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऋतुराज गायकवाड़ की नाबाद 74 रनों की पारी के दम पर 20 ओवर में 158 रन बनाए थे. इसके जवाब में गुजरात ने साई सुदर्शन की पारी के दम पर यह मैच 16.4 ओवर में ही अपने नाम किया. (Cricket Score) 

चेन्नई से मिले 158 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात को शुभमन गिल और साई सुदर्शन की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दिलाई. गिल ने सुदर्शन के साथ 6.2 ओवरों में 58 रन की साझेदारी की. गिल 23 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौके के साथ 33 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद साईं सुदर्शन ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 गेंदों में 97 रन की साझेदारी करते हुए टीम की जीत को आसान बना दिया. पिछले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 100 रन बनाने वाले सुदर्शन ने इस मुकाबले में 46 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्कों और 4 चौकों के साथ 87 रन की पारी खेली. जोस बटलर 30 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 39 रन बनाकर नाबाद रहे. 

एमए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स का टॉप ऑर्डर लड़खड़ा गया. संजू सैमसन ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ संभली हुई शुरुआत की. दोनों खिलाड़ियों ने 3.3 ओवरों में 21 रन की साझेदारी की. लेकिन इसके बाद टीम बिखरती नजर आई. संजू 15 गेंदों में 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद, इस सीजन में अपना पहला मैच खेल रहे उर्विल 3 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 4 ही रन बनाकर आउट हुए. चेन्नई सुपर किंग्स ने 4.4 ओवर में सरफराज खान के रूप में अपना तीसरा विकेट गंवाया, जो अपनी पहली ही गेंद पर मोहम्मद सिराज का शिकार बने. 9वें ओवर की दूसरी गेंद पर देवाल्ड ब्रेविस (2) भी चलते बने.

चेन्नई सुपर किंग्स ने 37 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे. यहां से शिवम दुबे ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 गेंदों में 59 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला. दुबे 17 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद गायकवाड़ ने कार्तिक शर्मा के साथ छठे विकेट के लिए 26 रन जोड़ते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. 

Advertisement

कार्तिक ने 9 गेंदों में 15 रन की पारी खेली. इसके बाद गायकवाड़ ने कप्तानी पारी खेलकर टीम को 158/7 के स्कोर तक पहुंचाया. गायकवाड़ 60 गेंदों में 4 छक्कों और 6 चौकों के साथ 74 रन बनाकर नाबाद रहे. गुजरात के लिए कगिसो रबाडा ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले, जबकि अरशद खान को 2 विकेट हाथ लगे. मोहम्मद सिराज और मानव सुथार ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.



Featured Video Of The Day
Washington Hotel Firing News: 'हमलावर के पास पावरफुल Gun थी, Firing के बाद Trump का पहला बयान! | USA
Topics mentioned in this article