कोलंबो डायरी Day 4: भारत-पाक मैच से पहले माइंड गेम्स, कोलंबो में टीम के सिए पूजा-पाठ और मेडिटेशन 

Colombo Diary Day 4 Mind Games ahead of Ind-Pak Match: कोलंबो कोल्ट्स क्लब पहुंचकर पता चला ये क्लब दुनिया में खेले गए सबसे पहले टेस्ट मैच (1877 में ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड टेस्ट) से भी पुराना क्लब है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Colombo Diary Day 4 Mind Games ahead of Ind-Pak Match:

Colombo Diary Day 4 Mind Games ahead of Ind-Pak Match: 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के मौके पर कोलंबो में अलग-अलग दुकानों और कई मॉल में जगह- जगह बॉलीवुड के हिन्दी गाने सुनाई दिये. कोलंबो के कुछ मोहल्लों में प्रवासी भारतीय भी इस महामुक़ाबले की तैयारी त्यौहार की तरह करते दिखे.  कोलंबो-8 के ट्रिलियिम रेसीडेंसी में जब NDTV की टीम पहुंची तो पता चला कि पूर्व श्रीलंकाई दिग्गज सनथ जयसूर्या का परिवार भी वहां रहता है. ज़ाहिर तौर इस मोहल्ले या अपार्टमेंट का क्रिकेट कनेक्शन कुछ अलग ही नज़र पर आया.   

जहीर, बुमराह, अर्शदीप के मुरीद चामिंडा वास

सुबह-सुबह चामिंडा वास ने रिकॉ राय और NDTV की टीम से कहा, “आप कोलंबो कोल्ट्स क्लब आ जाएं. वहीं मुलाक़ात होती है.” 

कोलंबो कोल्ट्स क्लब पहुंचकर पता चला ये क्लब दुनिया में खेले गए सबसे पहले टेस्ट मैच (1877 में ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड टेस्ट) से भी पुराना क्लब है. 1873 में बने इस क्लब के 147 साल के मेंबरशिप के लिए लंबी कतार लगी हुई है. चामिंडा वास इस क्लब की बड़ी धरोहर बन गए हैं.

NDTV संवाददाता विमल मोहन ने वास को कहा कि आपकी गेंदबाज़ी पोएट्री इन एक्शन जैसी थी तो उन्होंने कहा कि आपके यहां भी ज़हीर ख़ान जैसे क्लास गेंदबाज़ हुए हैं. मौजूदा लेफ़्ट आर्म पेसर अर्शदीप सिंह का भी उन्होंने खुद ही नाम लिया और कहा कि उनमें बहुत टैलेंट है. 

Advertisement

बुमराह की गेंदबाज़ी के तो चामिंडा वास ज़बरदस्त कायल दिखे. वास ने कहा कि बुमराह इस वर्ल्ड कप में फिर से टूर्नामेंट के बेहतरीन गेंदबाज़ साबित हो सकते हैं. उनका मानना ये भी था कि बुमराह सभी टीमों के बीच का फ़र्क साबित हो सकते हैं.   

बारिश रोकने के लिए करेंगे भोलेनाथ से प्रार्थना

भारत के मैचों से पहले यज्ञ और हवन की कई तस्वीरें सामने आती हैं. कोलंबो के ट्रिलियम रेसीडेन्सी में रहनेवाले जितेन्द्र शर्मा ने अपनी पत्नी काजल और बेटे अर्चित के साथ मैच देखने के लिए काफ़ी बड़ी रकम खर्च की है. काजल बताती हैं, “मैच को लेकर अनिश्चितता से घबराहट होने लगी थी. मैच के दिन ही शिवरात्रि है तो भोलेनाथ से प्रार्थना करेंगे कि बारिश मैच का मज़ा ना ख़राब करे.”

Advertisement

जितेन्द्र शर्मा हंसते हुए कहते हैं, “पूजा-पाठ तो होगा लेकिन यहां बौद्ध, हिन्दू, मुस्लिम या किसी भी धर्म को लेकर कड़वाहट नहीं है. हां, भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर सब उत्साहित ज़रूर रहते हैं.”

अर्चित को दसवीं का इम्तिहान देना है. लेकिन वो कहते हैं, “श्रीलंका में हेल्थ और एजुकेशन फ़्री है और बोर्ड परीक्षा का दबाव भी नहीं है. इसलिए मैच देखने तो ज़रूर जाना है. इस अपार्टमेंट के सभी बच्चे ब्लू जर्सी में अभिषेक, सूर्या और टीम इंडिया को देखने जाएंगे. प्रेमदासा स्टेडियम की ड्रैनेज सिस्टम भी शानदार है. बारिश हुई भी तो मैच तुरंत शुरू हो जाएगा.”

थेरावाद पंथ के अनुयायियों का शहर 

सिर्फ़ हिन्दू और मुसलमान ही नहीं, कोलंबो में रह रहे कई प्रवासी बौद्ध मंदिरों में भी जाते हैं. श्रीलंका में थेरावाद बौद्ध के अनुयायी भरे पड़े है. थेरापंथी बौद्ध धर्म को मानने वाले अनुयायी सेल्फ मेडिटेशन के ज़रिये भी कल्याण की कामना करते हैं. तो हर धर्म को मानने वाले भारतीय अनुयायी टीम इंडिया की एक और बड़ी जीत की दुआएं करने लगे हैं.

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: ईरान-इजरायल में भीषण जंग, War Zone से समझिए ताजा हालात | Iran War News | Kachehri
Topics mentioned in this article