द हंड्रेड नीलामी में सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तानी क्रिकेटर अबरार अहमद को 190000 पाउंड (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) में खरीदा. काव्या मारन और उनकी टीम को इसके लिए फैंस के गुस्से का सामना करना पड़ा. वहीं अब इस मामले पर बीसीसीआई की तरफ से पहला रिएक्शन आया है. बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने शुक्रवार को कहा कि इस मामले में बोर्ड कोई हस्तक्षेप नहीं कर सकता क्योंकि साइनिंग एक विदेशी लीग से संबंधित है और फ्रेंचाइजी को फैसला लेना होगा.
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा,"यह हमारे डोमेन (आईपीएल) में नहीं है, उन्होंने इसे विदेशी लीग के लिए किया है. इस पर उन्हें फैसला लेना है. हम कुछ नहीं कर सकते."
चेन्नई के मीडिया ग्रुप सन ग्रुप के स्वामित्व वाली सनराइजर्स लीड्स ने बृहस्पतिवार को 'द हंड्रेड' खिलाडियों की नीलामी के दौरान पाकिस्तान के स्पिनर अबरार से करार किया जिससे वह टूर्नामेंट में किसी भारतीय मालिकाना हक वाली फ्रेंचाइजी द्वारा चुने जाने वाले पहले पाकिस्तानी क्रिकेटर बन गए. यह टूर्नामेंट 21 जुलाई से 16 अगस्त तक चलेगा. अबरार को खरीदने के बाद सनराइजर्स लीड्स को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा और टीम का ‘एक्स' अकाउंट कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया गया.
आईपीएल की फ्रेंचाइजी ने दोनों पड़ोसी देशों के बीच खराब राजनयिक रिश्तों के कारण 2009 से पाकिस्तानी खिलाड़ी से कोई अनुबंध नहीं किया है. सन ग्रुप आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद का भी मालिक है. उसने पिछले साल पहले के नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स का टेकओवर किया था. सनराइजर्स की मुख्य कार्यकारी अधिकारी काव्या मारन नीलामी में शामिल हुईं. उनकी एसए20 में सनराइजर्स ईस्टर्न केप की टीम भी है लेकिन उनके पास इस टीम में कोई पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं है.
अबरार नीलामी के दौरान बिकने वाले दूसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी थे. इससे पहले एक और स्पिनर उस्मान तारिक को बर्मिंघम फीनिक्स ने 140,000 पाउंड (लगभग 1.72 करोड़ रुपये) में खरीदा था. हालांकि फिनिक्स का आईपीएल से कोई नाता नहीं है.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: आज उगलने के लिए तैयार है MS Dhoni की बल्ला! जमकर हो रही तैयारी...CSK ने शेयर किया वीडियो














