- BCB ने खिलाड़ियों को पाकिस्तान सुपर लीग में भेजने से पहले सरकार की मंजूरी लेना अनिवार्य कर दिया है
- छह बांग्लादेशी खिलाड़ियों को पहले ही PSL में खेलने के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट जारी किया गया था
- बोर्ड सुरक्षा कारणों से खिलाड़ियों की पाकिस्तान यात्रा पर सरकार की सलाह और अनुमति को अंतिम फैसला मानेगा
BCB on Players Participation in PSL 2026: पाकिस्तान में जारी मौजूदा हालात के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों को पाकिस्तान सुपर लीग में भेजने को लेकर बड़ा फैसला लिया है. अब बोर्ड खिलाड़ियों को पाकिस्तान रवाना करने से पहले सरकार की मंजूरी लेगा. नीलामी में चुने गए छह बांग्लादेशी खिलाड़ियों मुस्तफ़िज़ुर रहमान, परवेज़ हुसैन इमोन (लाहौर कलंदर्स), शोरिफ़ुल इस्लाम, नाहिद राणा, तंजीद हसन तमीम और रिशाद हुसैन (पेशावर जल्मी) को पहले ही ‘नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' (NOC) जारी कर दिया गया था.
अब सरकार की मंजूरी जरूरी
बोर्ड के क्रिकेट ऑपरेशंस चेयरमैन नज़्मुल अबेदिन ने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में खिलाड़ी सीधे NOC लेकर लीग में हिस्सा लेते हैं, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों की यात्रा से पहले सरकार से यह पूछा जाएगा कि पाकिस्तान जाना सुरक्षित है या नहीं. अंतिम फैसला सरकार के इनपुट के आधार पर ही लिया जाएगा.
सुरक्षा को लेकर सतर्क रुख
अधिकारियों का मानना है कि मौजूदा स्थिति को पूरी तरह समझना बोर्ड के लिए संभव नहीं है, इसलिए सरकार की सलाह अहम होगी. अगर सरकार यात्रा को सुरक्षित मानती है, तभी खिलाड़ियों को लीग में हिस्सा लेने की अनुमति दी जाएगी.
न्यूजीलैंड सीरीज पर भी असर संभव
क्रिकबज के रिपोर्ट के अनुसार, यदि खिलाड़ियों को पाकिस्तान जाने की अनुमति मिलती है, तो वे मार्च के अंत में शुरू होने वाली बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड व्हाइट-बॉल सीरीज के शिविर से बाहर रह सकते हैं. इस दौरे में तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाने हैं.
बोर्ड ने फिलहाल खिलाड़ियों को आंशिक NOC दी है ताकि वो न्यूजीलैंड सीरीज के लिए उपलब्ध रह सकें. मुस्तफिजुर को 26 मार्च से 12 अप्रैल और फिर 24 अप्रैल से 3 मई तक अनुमति दी गई है. वहीं तंजीद, शोरिफ़ुल, राणा और रिशाद को 12 अप्रैल तक NOC मिला है. परवेज हुसैन को 21 अप्रैल तक की अनुमति दी गई है और वो केवल टी20 सीरीज में हिस्सा लेंगे. कुल मिलाकर, खिलाड़ियों की PSL में भागीदारी अब पूरी तरह सुरक्षा स्थिति और सरकारी मंजूरी पर निर्भर करेगी.














