- IND vs PAK के बीच T20 वर्ल्ड कप का मुकाबला कोलंबो में कुछ घंटे बाद शुरू होगा और दोनों टीमें पूरी तरह तैयार हैं
- बाबर आजम ने भारत के खिलाफ पांच टी20 मैचों में 26.25 की औसत से कुल 105 रन बनाए हैं
- फखर जमान को भारत के खिलाफ चौथे क्रम पर खेलने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है
IND vs PAK, T20 World Cup 2026: क्रिकेट प्रेमियों के इंतजार का पल समाप्त होने के बेहद करीब है. भारत और पाकिस्तान के बीच लीग चरण में खेले जाने वाले मुकाबले के शुरू होने में अब गिनती के महज कुछ घंटे शेष रह गए हैं. दोनों टीमें कोलंबो पहुंच चुकी हैं और आगामी भिड़ंत के लिए तैयार हैं. पाक क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि उनके चहेते स्टार बल्लेबाज बाबर आजम का बल्ला भारत के खिलाफ जमकर चलेगा और खूब रन बनाएंगे. पिछले मुकाबले में उनका बल्ला खूब चला भी था. उन्होंने अमेरिका के खिलाफ चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 143.75 की स्ट्राइक रेट से 46 रनों की शानदार पारी भी खेली थी. मगर इसके बावजूद उन्हें आराम दिया जा सकता है. क्योंकि भारत के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में उनके आंकड़े ज्यादा मजबूत नहीं हैं. वहीं पिछले मुकाबले में प्लेइंग इलेवन से बाहर रहने वाले अनुभवी बल्लेबाज फखर जमान को मौका मिल सकता है. जमान एक गेंमचेंजर खिलाड़ी हैं. इसके अलावा टी20 फॉर्मेट में उनका बाबर आजम से बेहतर स्ट्राइक रेट भी है.
भारत के खिलाफ बाबर और जमान का प्रदर्शन
बाबर आजम ने भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में खबर लिखे जाने तक कुल पांच मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से पांच पारियों में 26.25 की औसत से 105 रन निकले हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 128.04 का रहा है. भारत के खिलाफ एक मैच में खेली गई उनकी सर्वोच्च पारी नाबाद 68 रनों की है, जो उन्होंने 2021 टी20 वर्ल्ड कप में बनाए थे.
वहीं बात करें फखर जमान के प्रदर्शन के बारे में तो उनका रिकॉर्ड भी भारत के खिलाफ कुछ खास नहीं है. मगर उन्होंने कई मौकों पर विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए अकेले अपने दम पर टीम को जीत दिलाई है.
यही वजह है कि पाकिस्तानी क्रिकेट एक्सपर्ट के साथ-साथ फैंस भी उन्हें चौथे क्रम के लिए प्रबल दावेदार बता रहे हैं. खबर लिखे जाने तक उन्होंने पाकिस्तान की तरफ से 117 टी20I मैच खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 108 पारियों में 2385 रन निकले हैं.
उस्मान तारिक का भी कट सकता है पत्ता!
यहीं नहीं सुर्खियों में चल रहे उस्मान तारिक का भी प्लेइंग से पत्ता कट सकता है. क्योंकि पाक टीम में एक से बढ़कर एक बेहतरीन स्पिनर हैं. इसमें से तो कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी मैच का रूख बदलने में महिर हैं. जिसमें सैम अयूब, मौहम्मद नवाज और शादाब खान का नाम प्रमुख हैं. वहीं 'मिस्ट्री' स्पिनर अबरार अहमद के कातिलाना गेंदबाजी से हर कोई अच्छी तरह से वाकिफ है. जरूरत पड़ने पर कैप्टन आगा सलमान भी गेंदबाजी करने में माहिर हैं.
अब आते हैं दूसरे पड़ाव पर. इसमें कोई दो राय नहीं कि आर प्रेमदासा स्टेडियम में स्पिनरों को खास मदद मिलती है. मगर तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन को भी भुलाया नहीं जा सकता है. यहां शाम के वक्त तेज गेंदबाजों को भी पिच से मदद मिलती है. पाक टीम में पहले से ही स्पिनरों की भरमार है. ऐसे में शुरुआती ओवरों को ध्यान में रखते हुए कोच और कप्तान दो पेशेवर तेज गेंदबाजों के साथ मैदान में उतर सकते हैं. जिसमें शाहीन अफरीदी के साथ-साथ नसीम शाह का नाम शामिल हो सकता है. ये दोनों गेंदबाज गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी योगदान देने में सक्षम हैं. इसके अलावा ये डेथ ओवरों में भी गेंदबाजी करने में माहिर हैं.
भारत के खिलाफ इस प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान में उतर सकती है पाक टीम
1 साहिबजादा फरहान, 2 सैम अयूब, 3 सलमान आगा (कप्तान), 4 फखर जमान, 5 शादाब खान, 6 उस्मान खान (विकेटकीपर), 7 मोहम्मद नवाज, 8 फहीम अशरफ, 9 शाहीन शाह अफरीदी, 10 नसीम शाह और 11 अबरार अहमद.
यह भी पढ़ें- IND vs PAK: पाकिस्तान को झटका, बासित अली ने मान ली हार, करने लगे बारिश से मैच धुलने की दुआ














