SA(W) vs NZ(W): 52 गेंद में शतक, अमेलिया केर ने एक ही मैच में तीन बड़े रिकॉर्ड किए अपने नाम

अमेलिया केर ने टी20 फॉर्मेट में अपने देश की तरफ से एक अनोखी उपलब्धि हासिल कर ली है. वह न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की तरफ से टी20 में सबसे तेज शतक लगाने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
Amelia Kerr

न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की कप्तान अमेलिया केर ने टी20 फॉर्मेट में अपने देश की तरफ से एक अनोखी उपलब्धि हासिल कर ली है. अमेलिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ क्राइस्टचर्च में बुधवार को खेले गए पांचवें टी20 मुकाबले में शतक लगाते हुए यह उपलब्धि हासिल की. अमेलिया केर ने 55 गेंदों पर 19 चौकों और 1 छक्के की मदद से 105 रन की पारी खेली. इस दौरान 52 गेंदों पर उन्होंने अपना शतक पूरा किया. न्यूजीलैंड महिला टीम के किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाया यह सबसे तेज शतक है. अमेलिया का अंतरराष्ट्रीय टी20 में यह दूसरा शतक है. 2 अंतरराष्ट्रीय टी20 शतक लगाने वाली अमेलिया न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की पहली बल्लेबाज बन गई हैं.

अमेलिया अंतरराष्ट्रीय टी20 में (महिला या पुरुष) लगातार 11 पारियों में 30 या उससे अधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं. न्यूजीलैंड महिला टीम के लिए टी20 फॉर्मेट में अमेलिया के अलावा, सूजी बेट्स और सोफी डिवाइन ने भी शतक लगाया है. दोनों के नाम 1-1 शतक है. अमेलिया केर एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को संपन्न 5 टी20 मैचों की सीरीज में 276 रन बनाने के अलावा, उन्होंने 5 विकेट लिए और पांचवें टी20 में प्लेयर ऑफ द मैच रहने के साथ सीरीज की श्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुनी गईं.

अमेलिया के करियर पर नजर डालें तो 96 टी20 मैचों की 77 पारियों में 2 शतक और 7 अर्धशतक की मदद से उनके नाम 1,912 रन दर्ज हैं। इसके अलावा, 104 विकेट भी उन्होंने लिए हैं. इसके अलावा 87 वनडे मैचों की 74 पारियों में 4 शतक और 11 अर्धशतक की मदद से 2,444 रन उन्होंने बनाए हैं. वनडे में उनके नाम दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड है. उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 232 है. वनडे फॉर्मेट में अमेलिया ने 122 विकेट भी लिए हैं. 

अमेलिया महज 25 साल की हैं. उनके प्रदर्शन में अगर निरंतरता रही, तो वह अपने करियर का समापन महिला क्रिकेट की महानतम ऑलराउंडर के रूप में करेंगी.

Advertisement

यह भी पढ़ें- राजस्थान रॉयल्स की कीमत सुन 'दादा' हुए दंग, बोले, ‘याद आ गई पहली गेंद!'

Featured Video Of The Day
Iran Israel War | Trump का यू-टर्न! ईरान से बातचीत, लेकिन किम जोंग उन ने बढ़ा दी न्यूक्लियर तैयारी
Topics mentioned in this article