आईपीएल 2026 के 29वें मुकाबले में रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की भिड़ंत पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के साथ हो रही है. मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में एलएसजी के खिलाड़ी एडेन मार्करम के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. एडेन मार्करम आईपीएल इतिहास में एलएसजी की तरफ से सबसे महंगा ओवर डालने वाले गेंदबाज बन गए हैं. पंजाब किंग्स की पारी के 13वें और अपने स्पेल के पहले ओवर में मार्करम ने 32 रन दिए. उनके इस ओवर में पीबीकेएस के बल्लेबाज प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली ने मिलकर कुल 5 छक्के लगाए. मार्करम से पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड रवि बिश्नोई के नाम दर्ज था. उन्होंने आईपीएल 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलते हुए एलिमिनेटर मुकाबले में 27 रन दिए थे.
कूपर कोनोली और प्रियांश आर्या ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 182 रनों की लाजवाब साझेदारी निभाई. आईपीएल इतिहास में यह महज तीसरा मौका है, जब पंजाब किंग्स की तरफ से किसी जोड़ी ने 150 से ऊपर रनों की साझेदारी निभाई है. इससे पहले केएल राहुल और मयंक अग्रवाल ने 2020 में 183 रनों की साझेदारी की थी.
वहीं, 2011 में एडम गिलक्रिस्ट और शॉन मार्श ने मिलकर 206 रन जोड़े थे. कोनोली ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 87 रनों की दमदार पारी खेली. उन्होंने अपनी इस पारी में 8 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के लगाए. वहीं, प्रियांश ने महज 37 गेंदों का सामना करते हुए 93 रनों की लाजवाब पारी खेली. प्रियांश ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 9 छक्के लगाए.
हालांकि, शानदार फॉर्म में चल रहे प्रभसिमरन सिंह इस मुकाबले में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. मोहम्मद शमी ने प्रभसिमरन का विकेट झटका.
वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर भी महज 5 रन ही बना सके. नेहल वढेरा 7 गेंदों में 13 रन बनाने के बाद एम सिद्धार्थ की गेंद पर निकोलस पूरन को कैच देकर पवेलियन लौटे. इस मुकाबले के लिए पंजाब किंग्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है. वहीं, एलएसजी ने दिग्वेश राठी की जगह पर एम सिद्धार्थ को अंतिम एकादश में शामिल किया है.
यह भी पढ़ें- 9 छक्के, 4 चौके, 37 गेंद में 93 रन, बल्लेबाज है या तूफान का दूसरा नाम, कौन हैं प्रियांश आर्य?














