Abhishek Sharma vs Vaibhav Suryavanshi IPL 2026; RR vs SRH: आईपीएल का मंच हमेशा से खिलाड़ियों को रातों-रात सुपरस्टार बनाने के लिए जाना जाता है. लेकिन जब कोई 15 साल का बच्चा दुनिया के सबसे बड़े गेंदबाजों के सामने खड़ा होकर पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दे, तो समझ जाइये कि क्रिकेट जगत में किसी 'बेहद खास' का आगमन हो चुका है. हम बात कर रहे हैं राजस्थान रॉयल्स के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की, जो अपने खेलने की निडर शैली से भविष्य के अभिषेक शर्मा बनते दिख रहे हैं. आइए देखते हैं कि कैसे इन दोनों बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाजों के बीच डेब्यू से लेकर मौजूदा आईपीएल 2026 सीजन तक की समानताएं भारतीय क्रिकेट के एक नए युग की गवाही दे रही हैं.
जब उम्र सिर्फ एक संख्या बनकर रह गई (Vaibhav Suryavanshi vs Abhishek Sharma)
दोनों ही खिलाड़ियों ने बेहद कम उम्र में अपनी छाप छोड़ी और दुनिया को हैरान कर दिया.
वैभव सूर्यवंशी (14 साल और 23 दिन) - 19 अप्रैल 2025 का दिन आईपीएल इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा. महज 14 साल और 23 दिन की उम्र में जब वैभव सूर्यवंशी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैदान पर कदम रखा, तो उन्होंने सबसे कम उम्र में डेब्यू का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. लेकिन धमाका तब हुआ जब उन्होंने अपने आईपीएल करियर की पहली ही गेंद को सीमा रेखा के पार छक्के के लिए भेज दिया. उन्होंने डेब्यू मैच में लखनऊ के खिलाफ 20 गेंदों में 34 रनों की शानदार पारी खेली थी.
अभिषेक शर्मा (17 साल और 251 दिन) - वैभव से पहले अभिषेक शर्मा ने साल 2018 में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के लिए अपना डेब्यू किया था. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ अपनी पहली ही पारी में उन्होंने 19 गेंदों में 46 रनों की नाबाद पारी खेलकर सबको हैरान कर दिया था.
आईपीएल 2026: आंकड़ों की जंग में कौन है कितना आगे?
मौजूदा सीजन यानी IPL 2026 में ये दोनों ही बल्लेबाज गेंदबाजों के लिए काल साबित हो रहे हैं. आइए नजर डालते हैं मौजूदा सीजन में दोनों के अब तक के प्रदर्शन (4 मैचों के बाद) की तुलना पर.
IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी
मौजूदा सीजन में राजस्थान रॉयल्स के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी रनों की रेस में आगे चल रहे हैं. उन्होंने 4 मैचों में 50.00 की बेहतरीन औसत और 266.67 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट के साथ कुल 200 रन कूट दिए हैं. इस दौरान आरसीबी के खिलाफ 26 गेंदों में खेली गई 78 रनों की पारी उनका सर्वोच्च स्कोर रही है. अपनी बेखौफ बल्लेबाजी के दम पर वैभव अब तक 18 चौके और 18 गगनचुंबी छक्के जड़ चुके हैं.
IPL 2026 में अभिषेक शर्मा
दूसरी तरफ, सनराइजर्स हैदराबाद के धाकड़ ओपनर अभिषेक शर्मा भी पीछे नहीं हैं. उन्होंने 4 मैचों में 32.25 की औसत और 218.64 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 129 रन बनाए हैं. पंजाब किंग्स के खिलाफ मात्र 28 गेंदों में 74 रनों की विस्फोटक पारी उनका इस सीजन का बेस्ट प्रदर्शन रहा है. अगर बाउंड्री की बात करें, तो अभिषेक ने सिर्फ अपने पिछले मैच की पारी में ही 5 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के उड़ाकर महफिल लूट ली थी.
करियर आंकड़े दे रहे हैं गवाही
वैभव ने अपने पहले यानी 2025 के सीजन में 7 मैचों में 206.55 की स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए थे. 26 छक्के और 18 चौके यह बताने के लिए काफी हैं कि इस बाएं हाथ के बल्लेबाज के पास गेंदबाजों को डराने की पूरी काबिलियत है.
वहीं अभिषेक शर्मा ने IPL 2025 में 14 मैचों में 439 रन बनाए थे और अब तक अपने आईपीएल करियर में कुल 81 मैचों की 78 पारियों में 1945 रन बनाये हैं. इस दौरान उनका ओवरऑल करियर स्ट्राइक रेट 165.81 का रहा है और औसत 27.39 का रहा है. वह लगातार पावरप्ले में तेजी से रन बनाने के बादशाह रहे हैं.
वैभव अगर अभिषेक शर्मा जीतना मैच खेलते तो साल 2025 के सीजन में शायद वो रन के मामले में अभिषेक से आगे भी निकल सकते थे.
बेखौफ बल्लेबाजी की नई कहानी
अभिषेक शर्मा ने जिस तरह पावरप्ले में आक्रामक क्रिकेट की परिभाषा को बदला, वैभव सूर्यवंशी ठीक उसी नक्शेकदम पर चलते हुए क्रिकेट में खौफ का नया अध्याय लिख रहे हैं. 14-15 साल की उम्र में इस कदर बुमराह जैसे गेंदबाजों को भी रिमांड पर लेना दिखाता है कि भारत में टी20 क्रिकेट का भविष्य बेहद आक्रामक और सुरक्षित हाथों में है.














