बिलासपुर में बंद नाले से आने लगी आवाज, स्लैब तोड़कर देखा तो निकला जिंदा शख्स, मामला जान लोग भी हैरान

बिलासपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. शुक्रवार को एक नाले से युवक का हाथ निकलता दिखाई दिया. इसके बाद उसका रेस्क्यू किया गया. लेकिन रेस्क्यू के बाद भी रहस्य बना हुआ है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड के पास नाले की स्लैब के नीचे फंसे एक युवक का हाथ सुबह बाहर निकला था
  • नगर निगम और पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से स्लैब तोड़कर युवक राम कुमार चौहान को बाहर निकाला था
  • युवक की उम्र लगभग बत्तीस से चौतीस वर्ष बताई जा रही है, लेकिन उसकी मानसिक स्थिति संदिग्ध लग रही है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
बिलासपुर:

बिलासपुर शहर में शुक्रवार सुबह एक अजीबो-गरीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. पुराने बस स्टैंड के पास स्थित नाले से अचानक एक युवक का हाथ बाहर निकलता दिखाई दिया. यह नजारा देख राहगीर ठिठक गए और कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. 

चश्मदीदों ने बताया कि नाले की स्लैब के नीचे फंसा युवक लगातार मदद की आवाज लगा रहा था. शुरुआत में लोगों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन स्थिति गंभीर देख तुरंत नगर निगम और पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से नाले की स्लैब तोड़ी और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला.

रेस्क्यू के बाद युवक ने अपना नाम राम कुमार चौहान बताया. उसका कहना है कि वह जोंधरा इलाके का रहने वाला है. युवक की उम्र करीब 32 से 34 साल के बीच बताई जा रही है. हालांकि पूछताछ के दौरान उसकी बातें गोलमोल रहीं. वह कभी उल्टे-सीधे जवाब दे रहा था तो कभी हंसी-मजाक जैसी बातें करता रहा. इससे उसकी मानसिक स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक बीते करीब पांच दिनों से नाले के भीतर फंसा हुआ था. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस या नगर निगम की ओर से नहीं की गई है. हैरानी की बात यह रही कि इतने दिनों तक नाले में रहने के बावजूद युवक गंभीर रूप से घायल नहीं पाया गया.

घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है. पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू कर दी है और उसके परिजनों की तलाश की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक नाले के भीतर कैसे पहुंचा और इतने समय तक वहां जिंदा कैसे रहा? यह घटना शहर में नालों की सुरक्षा व्यवस्था और खुले स्लैब को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है.

Featured Video Of The Day
U19 World Cup Team Breaking News: अंडर 19 वर्ल्ड चैंपियन घर लौटे, एयरपोर्ट पर हुआ जोरदार स्वागत