- भारत की अल्ट्रा-डिस्टेंस रनर सुफिया सूफी ने कन्याकुमारी से काराकोरम तक लगभग पांच हजार किलोमीटर दौड़ पूरी की
- दौड़ के दौरान सीआरपीएफ जवानों ने बिना अनुरोध सुफिया की सुरक्षा और सहयोग सुनिश्चित कर उनका मनोबल बढ़ाया
- सुफिया ने सोशल मीडिया पर जवानों के साथ दौड़ने के अनुभव को मानवता, दयालुता और निस्वार्थ सेवा का उदाहरण बताया
Sufiya Sufi Runner with CRPF: कन्याकुमारी से काराकोरम तक करीब 5,000 किलोमीटर की दौड़ पर निकलीं भारत की मशहूर अल्ट्रा-डिस्टेंस रनर सुफिया सूफी कश्मीर पहुंचने से पहले भाव-विभोर हो गईं. रास्ते में जो अनुभव किया, उसे वे जिंदगीभर नहीं भूल पाएंगी. दौड़ के दौरान सीआरपीएफ के जवानों से मिला निस्वार्थ सहयोग, सुरक्षा और साथ उनके लिए इतना खास बन गया कि उन्होंने इसे अपनी जिंदगी के सबसे यादगार पलों में से एक बताया. सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया है, जो वायरल हो रहा है.
कौन हैं सुफिया सूफी, जिनके नाम पांच गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड Photo Credit: sufiya sufi runner
सड़क किनारे आराम कर रही थीं, तभी शुरू हुई यादगार कहानी
सुफिया सूफी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि कश्मीर पहुंचने से पहले वह सड़क किनारे आराम कर रही थीं. इसी दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों की नजर उन पर पड़ी. जवानों ने उनकी टीम से बातचीत कर उनकी जानकारी ली और उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई. जब उन्हें पता चला कि सुफिया हजारों किलोमीटर लंबी दौड़ पर हैं, तो वे न केवल प्रभावित हुए बल्कि बिना किसी अनुरोध के उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे आए.
यह भी पढ़ें | UPSC 2025 सर्विस कैडर अलॉट, अनन्या शर्मा ने IAS छोड़ चुनी IFS, टॉपर अनुज अग्निहोत्री क्या बने?
यात्रा का हिस्सा बन गया CRPF का सहयोग
सुफिया ने अपनी पोस्ट में आगे बताया कि इसके बाद सीआरपीएफ की विभिन्न यूनिटों को उनकी दौड़ की जानकारी दी गई और जहां भी संभव हुआ, वहां उनके सुरक्षित सफर के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई.उन्होंने लिखा कि जवानों का यह सहयोग केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं था, बल्कि उनकी दौड़ का अहम हिस्सा बन गया. इससे उन्हें लगातार मानसिक और भावनात्मक मजबूती मिलती रही.
20 किलो भार के साथ जवानों को दौड़ता देख हुआ गर्व
सोशल मीडिया पर शेयर की पोस्ट में सुफिया ने कहा कि करीब 20 किलो वजन के साथ जवानों को अपने साथ दौड़ते देखना उनके जीवन के सबसे गर्वित पलों में से एक था. उन्होंने लिखा कि जवानों की ताकत, दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया. जब भी उन्हें थकान महसूस होती या किसी कठिन परिस्थिति का सामना करना पड़ता, तब जवानों को अपने साथ दौड़ते देख उन्हें आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलती थी.
यह भी पढ़ें | गांव की बेटी कोमल मावी बनी IPS, सर्विस अलॉटमेंट के बाद छलके जज्बात, 2 बार क्रैक की UPSC
मानवता और निस्वार्थ सेवा की मिसाल
सुफिया ने कहा कि ये सिर्फ सहयोग के पल नहीं थे, बल्कि मानवता, दयालुता और निस्वार्थ सेवा के उदाहरण थे. इस दौरान उन्होंने CRPF जवानों से अनुशासन, धैर्य, त्याग, कड़ी मेहनत और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को करीब से जाना. उन्होंने सभी सीआरपीएफ जवानों का आभार जताते हुए लिखा कि उनकी वजह से वह सुरक्षित आगे बढ़ सकीं. सुफिया ने जवानों को देश के "रियल हीरोज" बताते हुए उनके बलिदान को सलाम किया.
यह भी पढ़ें | सिक्किम तक चलेगी सीधी ट्रेन, हिमालय के पहाड़ों को चीरकर बन रही 45 KM लंबी रेल लाइन, 14 सुरंगों की खुदाई पूरी
सुफिया सूफी के नाम पांच गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
सुफिया सूफी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार वह भारत की प्रसिद्ध अल्ट्रा-डिस्टेंस रनर (लंबी दूरी की धाविका) हैं और देश की शीर्ष एंड्योरेंस एथलीटों में गिनी जाती हैं. उनके नाम पांच गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हैं. उन्होंने दुनिया के कई कठिन और ऊंचाई वाले इलाकों में दौड़ लगाकर ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं.
राजस्थान के अजमेर में जन्मीं और पली-बढ़ीं सुफिया ने अल्ट्रा-डिस्टेंस रनिंग में आने से पहले करीब एक दशक तक एविएशन इंडस्ट्री में काम किया. उन्होंने वर्ष 2017 में फिटनेस के लिए दौड़ना शुरू किया था. शौक के तौर पर शुरू हुआ यह सफर जल्द ही रिकॉर्ड बनाने वाले खेल करियर में बदल गया, जिसकी पहचान अनुशासन, दृढ़ता और रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शनों से बनी.
साल 2018 में सुफिया ने एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक मैराथन दौड़ने वाली महिला का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. वह मनाली-लेह अल्ट्रामैराथन पूरी करने वाली पहली महिला धाविका भी रह चुकी हैं. इसके अलावा स्वर्ण चतुर्भुज मार्ग पर 6,002 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर उन्होंने एक और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं