अमेरिका की नौकरी छोड़ पहली ही कोशिश में बनीं IPS, नॉर्थ दिल्ली DCP निहारिका भट्ट ने बताया सक्सेस मंत्र

IPS Niharika Bhatt Success Story: UPSC की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए निहारिका भट्ट की कहानी काफी इंस्पायरिंग है. उन्होंने बायोकेमिकल इंजीनियरिंग में Mtech करने के बाद सिविल सर्विस को करियर के तौर पर चुना.

विज्ञापन
Read Time: 8 mins
नॉर्थ दिल्ली की डीसीपी निहारिका भट्टी का एक्सक्लूसिव इंटरव्यू

अमेरिका में एक सफल करियर छोड़कर भारत लौटने का फैसला करना आसान नहीं होता. लेकिन निहारिका भट्ट ने यही किया. उन्होंने न सिर्फ अपनी नौकरी छोड़ी, बल्कि UPSC की परीक्षा में पहली ही कोशिश में सफलता हासिल कर IPS अधिकारी बनीं. आज वह दिल्ली के नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की DCP हैं. NDTV से खास बातचीत में उन्होंने अपने इस सफर, UPSC की तैयारी, सफलता के मंत्र, महिला अभ्यर्थियों की चुनौतियों और एक DCP की जिम्मेदारियों पर खुलकर बात की. आइए जानते हैं कि IPS निहारिका ने क्या कहा.

अमेरिका का करियर छोड़ा, भारत लौटने का चुना रास्ता

निहारिका भट्ट का अमेरिका से भारत लौटना कोई मजबूरी नहीं थी. यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन से बायोकेमिकल इंजीनियरिंग में Mtech करने के बाद उन्होंने वाशिंगटन DC में रिसर्चर के तौर पर काम किया. प्रतिष्ठित संस्थान की डिग्री, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और एक सुरक्षित करियर उनके सामने था. इसके बावजूद उनके मन में अपने देश के लिए कुछ करने की इच्छा लगातार बनी रही. उन्हें लगा कि सिविल सर्विस ऐसा माध्यम है, जहां कम उम्र में समाज के बड़े हिस्से के जीवन को प्रभावित करने और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सीधे काम करने का अवसर मिलता है. 

इसी सोच के साथ उन्होंने अमेरिका की नौकरी छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया. वो भारत लौटीं और UPSC की तैयारी शुरू की और पहली ही कोशिश में परीक्षा पास कर IPS अधिकारी बन गई.

सफलता का मंत्र: एक किताब को बार-बार पढ़ें

UPSC की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए निहारिका का सबसे महत्वपूर्ण संदेश है- निरंतरता. NDTV से बातचीत में उन्होंने कहा कि तैयारी के दौरान बहुत सारी किताबें इकट्ठा कर लेना सफलता की गारंटी नहीं है. जरूरी है कि किसी विषय की एक अच्छी किताब चुनें और उसे बार-बार पढ़ें. उनके मुताबिक, किसी विषय पर पकड़ तभी बनती है, जब उसे बार-बार पढ़कर अच्छी तरह समझा जाए. एक किताब का कई बार अध्ययन करने से विषय की समझ गहरी होती है और परीक्षा में बेहतर उत्तर लिखने में मदद मिलती है. 

निहारिका खुद बिना कोचिंग के UPSC पास कर चुकी हैं. उनका कहना था अखबार पढ़ना, समसामयिक घटनाओं पर नजर रखना और विषयों की बुनियादी समझ विकसित करना तैयारी का अहम हिस्सा है.

संसाधन नहीं, हौसले तय करते हैं मंजिल

जब निहारिका से दूरदराज के इलाकों में रहकर UPSC की तैयारी करने वाली लड़कियों के लिए पूछा गया, तो उन्होंने डिजिटल इंडिया और इंटरनेट की बढ़ती पहुंच को एक बड़ा अवसर बताया. उनका कहना है कि आज इंटरनेट ने पढ़ाई के तरीके को काफी आसान बना दिया है. उनके तैयारी करने के समय की तुलना में आज विद्यार्थियों के पास कहीं अधिक संसाधन उपलब्ध हैं. जिन एस्पिरेंट को ऑफलाइन कोचिंग की सुविधा नहीं मिलती, वे ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई कर सकते हैं. निहारिका के मुताबिक, छोटे शहर या गांव में रहने का मतलब यह नहीं है कि वहां के विद्यार्थी बड़े सपने नहीं देख सकते. 

Advertisement

इंजीनियरिंग बैकग्राउंड के कारण उत्तर लिखने में आई चुनौती

अपनी तैयारी के दौरान हुई किसी गलती के बारे में पूछे जाने पर निहारिका ने मुस्कुराते हुए एक दिलचस्प अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि उनका शैक्षणिक बैकग्राउंड इंजीनियरिंग का था, लेकिन UPSC में उन्होंने सोशियोलॉजी को ऑप्शनल के रूप में चुना था. साइंस बैकग्राउंड के कारण शुरुआत में उन्हें आर्ट्स के विषयों को समझने और उनके अनुरूप उत्तर लिखने में थोड़ा समय लगा.

उनके मुताबिक, किसी विषय को जानना और परीक्षा में उस विषय पर प्रभावी तरीके से उत्तर लिखना दो अलग-अलग बातें हैं. खासकर साइंस के छात्रों को ये समझना चाहिए कि ह्यूमैनिटीज के विषयों में उत्तर लिखने की अपनी एक शैली होती है. इसके लिए ऐसे लोगों से बातचीत करनी चाहिए, जिन्हें उस विषय की अच्छी समझ हो. निहारिका ने माना कि उन्हें भी इस शैली को समझने में समय लगा. 

एक DCP का दिन कैसा होता है?

एक जिला पुलिस प्रमुख की दिनचर्या और जिम्मेदारियों के बारे में पूछे जाने पर निहारिका ने बताया कि DCP के तौर पर काम का दायरा काफी व्यापक होता है. दिन की शुरुआत से लेकर उसके समाप्त होने तक कई तरह की जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं.

Advertisement

उन्होंने कहा कि अपराध की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियां हैं. लेकिन एक DCP का काम सिर्फ इन्हीं तक सीमित नहीं होता. लोगों से मिलना, उनकी समस्याएं सुनना, उन्हें समझना और उनकी शिकायतों के समाधान की कोशिश करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है. पुलिसिंग में हर दिन नई चुनौतियां सामने आती हैं. कभी कानून-व्यवस्था की स्थिति संभालनी होती है, तो कभी किसी पीड़ित की शिकायत और उसकी परेशानी को समझना प्राथमिकता बन जाती है. यही विविधता इस नौकरी को चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ संतोषजनक भी बनाती है.

पुलिस की मौजूदगी से आम आदमी को मिले भरोसा

निहारिका भट्ट की पुलिसिंग की सोच का सबसे महत्वपूर्ण पहलू आम आदमी का भरोसा है. उनके लिए किसी जिले की कमान संभालने का अर्थ केवल अपराध पर नियंत्रण रखना नहीं, बल्कि ऐसा माहौल तैयार करना भी है, जहां नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करें.

उनका मानना है कि लोगों को यह भरोसा होना चाहिए कि वे सड़क पर बिना किसी डर के चल सकते हैं और किसी परेशानी में पड़ने पर पुलिस के पास जाकर अपनी बात रख सकते हैं. हर समस्या का समाधान तुरंत निकलना संभव नहीं होता, लेकिन पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह लोगों की बात सुने और समाधान तलाशने की ईमानदार कोशिश करे.

ऋषिकेश के SHO से दिल्ली की DCP तक

IPS बनने के बाद निहारिका की शुरुआती ट्रेनिंग देहरादून में हुई. इसके बाद प्रोबेशन के दौरान उन्हें ऋषिकेश कोतवाली में तीन महीने तक SHO की जिम्मेदारी मिली. पुलिसिंग की वास्तविक चुनौतियों से उनका सीधा सामना यहीं से शुरू हुआ. कानून-व्यवस्था, अपराध की जांच और आम लोगों की शिकायतों को समझने का ये उनका पहला बड़ा अनुभव था.

इसके बाद उन्होंने दिल्ली के द्वारका में अतिरिक्त उपायुक्त पुलिस के रूप में जिम्मेदारी संभाली. आगे चलकर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट में एडिशनल DCP-1 के तौर पर काम किया और फिर DCP नॉर्थ की जिम्मेदारी मिली. 

Advertisement

आदर्श IPS अधिकारी के लिए शांत स्वभाव और मजबूत नेतृत्व जरूरी

एक आदर्श IPS अधिकारी की खूबियों पर बात करते हुए निहारिका ने कहा कि सबसे जरूरी है जटिल परिस्थितियों को समझने और उन्हें स्पष्टता के साथ लागू करने की क्षमता. पुलिस की नौकरी बेहद तनावपूर्ण होती है. ऐसे में अधिकारी का शांत और संतुलित स्वभाव होना जरूरी है.

उनके मुताबिक, संकट की स्थिति में अधिकारी को ठंडे दिमाग से फैसला लेना चाहिए और अपनी टीम का प्रभावी नेतृत्व करना चाहिए. नेतृत्व का अर्थ सिर्फ निर्देश देना नहीं, बल्कि मुश्किल समय में खुद आगे रहकर टीम को सही दिशा दिखाना भी है. भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी उनका कहना था कि नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट में भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है. 

महिला होने से ज्यादा IPS अधिकारी होने की पहचान

निहारिका ने अपने ट्रेनिंग के दिनों को याद करते हुए कहा कि ट्रेनिंग के दौरान उन्हें सिखाया गया था कि IPS अधिकारी पुरुष या महिला नहीं होता, बल्कि वह एक IPS अधिकारी होता है. उन्होंने इसी सोच को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाया. अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ कभी महिला या पुरुष के आधार पर अलग व्यवहार नहीं किया और न ही अपने लिए किसी विशेष रियायत की अपेक्षा रखी. 

Advertisement

परिवार का साथ और 24 घंटे की जिम्मेदारी

पुलिस की नौकरी में समय की कोई निश्चित सीमा नहीं होती. कभी देर रात किसी घटना की सूचना मिलती है, तो कभी अचानक कानून-व्यवस्था की स्थिति संभालने के लिए घर से निकलना पड़ता है. ऐसे में व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन के बीच संतुलन बनाए रखना आसान नहीं होता. अंग्रेजी में हम इसे वर्क लाइफ बैलेंस कहते है. निहारिका के पति भी IAS अधिकारी हैं और दिल्ली सरकार में कार्यरत हैं. दोनों की व्यस्त पेशेवर जिंदगी के बावजूद एक-दूसरे की जिम्मेदारियों को समझना और परिवार का सहयोग इस संतुलन को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है. दोनों पूरी कोशिश करते है कि परिवार को उनका समय जरूर मिलना चाहिए.

डॉक्टर पिता के घर से इंजीनियरिंग और फिर IPS तक

मुरादाबाद में जन्मीं निहारिका की परवरिश लखनऊ और अलीगढ़ में हुई. उनके पिता डॉक्टर हैं और मां गृहिणी. पिता डॉक्टर होने के बावजूद निहारिका ने मेडिकल की जगह इंजीनियरिंग को चुना. बायोलॉजी में उनकी खास रुचि नहीं थी. परिवार ने भी उन पर अपनी पसंद का करियर चुनने का दबाव नहीं बनाया. उन्हें अपनी राह खुद तय करने की आजादी मिली. 

निहारिका की कहानी अपने उद्देश्य को चुनने, चुनौतियों को अवसर में बदलने और दृढ़ संकल्प के साथ सफलता हासिल करने की कहानी है. IPS भट्ट की यात्रा को देखते हुए दाग़ देहलवी का यह मशहूर शेर याद आता है, "मुसाफ़िर को तो मंज़िल का पता मंजिल से मिलता है." शायद यही पंक्ति उनके जीवन सफर को सबसे बेहतर ढंग से बयान करती है.

यह भी पढ़ें | भाई-बहन बने IAS-IPS, पल्लवी मिश्रा-आदित्य मिश्रा की सफलता में संयुक्त परिवार बना सबसे बड़ी ताकत

यह भी पढ़ें | 'IAS अफसर मत बनना...', तुकाराम मुंढे ने अपने बच्चों को क्यों दी ये सलाह?

Featured Video Of The Day
कांग्रेस की सीटों पर सवाल, सपा प्रवक्ता ने गिनाए पुराने एहसान!
Topics mentioned in this article
Ips Niharika Bhatt Success Story
IPS Niharika Bhatt
IPS Niharika Bhatt Interview
Success Story

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं