विज्ञापन
This Article is From Feb 15, 2016

योगेश कुमार त्यागी बने दिल्ली यूनिवर्सिटी के नये कुलपति

योगेश कुमार त्यागी बने दिल्ली यूनिवर्सिटी के नये कुलपति
दिल्ली यूनिवर्सिटी
नयी दिल्ली: साउथ एशियन यूनिवर्सिटी के विधि अध्ययन संकाय के डीन योगेश कुमार त्यागी आज दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के नये कुलपति नियुक्त किए गए। यह पद उनके पूर्ववर्ती दिनेश सिंह के कार्यकाल में विवादों के घेरे में रहा था।

मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने त्यागी को इस पद पर पांच साल के लिए नियुक्त किया है। उससे पहले राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने चार व्यक्तियों के पैनल से उनका नाम चुना जो केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के विजिटर हैं।

सिंह के मुक्त हो जाने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर नियुक्ति तीन महीने से लंबित है। सिंह 28 अक्तूबर को इस पद से मुक्त हुए थे और सुधीश पचौरी फिलहाल कार्यकारी कुलपति थे।

पिछले हफ्ते मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने राष्ट्रपति के पास चार नाम भेजे थे जो अंतिम चयन करते हैं।

त्यागी दिल्ली विश्वविद्यालय की कमान संभालेंगे जहां उनके पूर्ववर्ती दिनेश सिंह का कार्यकाल चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम पर विवाद के साये में रहा। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के हस्तक्षेप पर बाद में इस कार्यक्रम को वापस ले लिया गया था।

सिंह को मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर कारण बताओ नोटिस भी जारी किया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi University, Yogesh Kumar Tyagi, Du Vice Chancellor, साउथ एशियन यूनिवर्सिटी, योगेश कुमार त्यागी, दिल्ली विश्वविद्यालय