नई दिल्ली:
देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का मुनाफा सितंबर 2014 में समाप्त दूसरी तिमाही में 30.5 प्रतिशत बढ़कर 3,100.41 रुपये हो गया।
बैंक का एकल मुनाफा पिछले साल जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान 2,375 करोड़ रुपये था। बंबई शेयर बाजार को भेजी जानकारी में स्टेट बैंक ने यह जानकारी दी है।
वित्त वर्ष 2014-15 की सितंबर में समाप्त तिमाही में एनपीए के लिए पूंजी प्रावधान 41 प्रतिशत बढ़कर 4,274 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल सितंबर में 3,029 करोड़ रुपये था।
सितंबर 2014 की तिमाही के दौरान कुल ऋण के मुकाबले सकल गैर-निष्पादक आस्तियां (एनपीए) 4.89 प्रतिशत रही, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 5.64 प्रतिशत थी। शुद्ध एनपीए इस दौरान 2.73 प्रतिशत रहा।
समीक्षाधीन अवधि में बैंक की कुल आय बढ़कर 41,833 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में 37,199.92 करोड़ रुपये थी।
एकीकृत आधार पर दूसरी तिमाही में बैंक का शुद्ध मुनाफा 31 प्रतिशत बढ़कर 4,024 करोड़ रुपये रहा। पिछले वर्ष इसी तिमाही में समूह का कर पश्चात शुद्ध मुनाफा 3,073 करोड़ रुपये था।
एसबीआई का शेयर बंबई शेयर बाजार में अपराह्न कारोबार के दौरान 1.43 प्रतिशत चढ़कर 2,758.10 रुपये पर चल रहा था।