यह ख़बर 25 जनवरी, 2013 को प्रकाशित हुई थी

शाहरुख, सलमान और धोनी ने बटोरे सबसे ज़्यादा नोट...

खास बातें

  • फोर्ब्स की इस सूची में शामिल ज़्यादातर हस्तियां 30-50 आयुवर्ग की हैं, जिनमें साइना नेहवाल, विराट कोहली, अनुष्का शर्मा और सानिया मिर्जा भी शीर्ष 50 में नाम दर्ज करवाने में कामयाब रहीं।
मुंबई:

अमेरिकी पत्रिका फोर्ब्स ने अपने भारतीय संस्करण के पहले अंक में कमाई के आधार पर भारत के शीर्ष सितारों की एक सूची जारी की है, जिसमें बॉलीवुड के 'बादशाह' कहे जाने वाले शाहरुख खान अव्वल हैं, और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को सूची में तीसरा स्थान दिया गया है। सूची में दूसरे स्थान पर काबिज रहे हैं, बॉलीवुड के 'टाइगर' सलमान खान।

वैसे सितंबर, 2011 और अक्टूबर, 2012 के बीच लोकप्रियता और आमदनी को आधार बनाते हुए जारी की गई इस सूची में क्रिकेटरों ने बॉलीवुड सितारों को जबरदस्त टक्कर दी है। सूची में शामिल ज्यादातर हस्तियां 30 से 50 वर्ष की उम्र के बीच की हैं, जिनमें बैंडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल, क्रिकेटर विराट कोहली, अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और टेनिस स्टार सानिया मिर्जा जैसी 12 युवा हस्तियां शीर्ष 50 में नाम दर्ज करवाने में कामयाब रही हैं।

फोर्ब्स इंडिया के मुताबिक शाहरुख खान की सालाना कमाई 202 करोड़ 80 लाख रुपये रही, जबकि सलमान खान ने इस अवधि में 144 करोड़ 20 लाख रुपये कमाए। कमाई के मामले में महेंद्र सिंह धोनी तीसरे नंबर पर रहे, जिन्होंने 135 करोड़ 16 लाख रुपये कमाए, हालांकि लोकप्रियता के मामले में सर्वे के नतीजे सलमान खान को नंबर वन बताते हैं।

सर्वाधिक कमाई करने वालों की सूची में 'खिलाड़ी कुमार' कहकर पुकारे जाने वाले अक्षय कुमार चौथे स्थान पर हैं, जबकि सदी के महानायक अमिताभ बच्चन पांचवें पायदान पर। 'क्रिकेट की दुनिया का भगवान' माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर को छठा स्थान हासिल हुआ है, जबकि सातवें नंबर पर पहली महिला हस्ती के रूप में करीना कपूर दर्ज हुई हैं। आठवें नंबर पर विस्फोटक क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग हैं और नवां स्थान मिला है एक अन्य क्रिकेटर विराट कोहली को। सूची में कैटरीना कैफ का नंबर 10वां है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इस सूची में 23 साल की उम्र के साथ साइना नेहवाल सबसे युवा हस्ती के रूप में दर्ज हुई हैं। फोर्ब्स इंडिया यह पहला संस्करण 28 जनवरी, 2013 को बाज़ार में उपलब्ध होने जा रहा है।