यह ख़बर 31 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

तेजी का दौर जारी, सेंसेक्स 155 अंक और चढ़ा

खास बातें

  • एफआईआई का पूंजी प्रवाह जारी रहने तथा मजबूत वैश्विक रुख के बीच महंगाई में कमी से शेयर बाजार लगातार बढ़ रहा है।
Mumbai:

बंबई शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला बृहस्पतिवार को लगातार आठवें दिन जारी रहा और सेंसेक्स 155 अंक और चढ़कर 19,445 अंक पर पहुंच गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों :एफआईआई: का पूंजी प्रवाह जारी रहने तथा मजबूत वैश्विक रुख के बीच महंगाई में कमी से शेयर बाजार लगातार बढ़ रहा है। बेहद उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स 155.04 अंक की बढ़त के साथ 19,445.22 अंक पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान इसने 19,575.16 अंक के उच्च स्तर तथा 19,284.35 अंक के निचले स्तर को भी छुआ। डेरिवेटिव वर्ग में आज निपटान का अंतिम दिन होने की वजह से भी बाजार को मजबूती मिली। इससे पिछले सात सत्रों में सेंसेक्स 1,446 अंक चढ़ा था। 15 अप्रैल, 2009 के बाद से यह सेंसेक्स में तेजी का सबसे लंबा सिलसिला है। इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 46.10 अंक मजबूत होकर 5,833.75 अंक पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान इसने 5,872 अंक के स्तर को भी छुआ। मार्च में एफआईआई ने भारतीय शेयर बाजारों में 1.3 अरब डॉलर का निवेश किया है। जनवरी और फरवरी में उन्होंने 2.2 अरब डॉलर की बिकवाली की थी। ब्रोकरों ने कहा कि खाद्य मुद्रास्फीति नीचे आने से निवेशकों ने अच्छी लिवाली की। साथ ही कंपनियों के चौथी तिमाही के नतीजे भी बेहतर रहने की उम्मीद की जा रही है। इससे भी बाजार को बल मिला। खाद्य मुद्रास्फीति 19 मार्च को समाप्त सप्ताह में घटकर 9.5 प्रतिशत पर आ गई है। इससे पिछले सप्ताह यह 10.05 फीसद के स्तर पर थी। आईटी शेयरांे ने सेंसेक्स की तेजी में खास योगदान दिया। आईटी वर्ग का सूचकांक 1.92 प्रतिशत बढ़कर 6,548.10 अंक पर पहुंच गया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com