खास बातें
- आयातकों की डॉलर की मांग बढ़ने के बीच रुपया आज अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 60.16 पर पहुंच गया।
नई दिल्ली:
डॉलर की मांग बढ़ने से आज कारोबार के बीच में रुपया 60 के स्तर से नीचे गिरता हुआ अब तक के सर्वकालिक निम्न स्तर 60.35 रुपये प्रति डॉलर तक पहुंच गया। अंतर बैंकिंग मुद्रा विनिमय बाजार में आज रुपये में धीमी शुरुआत हुई और जल्द ही यह 69 पैसे लुढ़ककर 60.35 रुपये प्रति डॉलर के नए सर्वकालिक निचले स्तर तक गिर गया।
विदेशी मुद्रा डीलरों ने बताया कि तेल कंपनियों और बैंकों की तरफ से लगातार डॉलर की मांग आ रही थी।
स्थानीय शेयर और ऋण बाजार से विदेशी मुद्रा की लगातार निकासी के चलते रुपये की विनिमय दर लगातार गिरती जा रही है।
दुनिया के बाजारों में डॉलर की लगातार मजबूती से भी रुपया दबाव में बना हुआ है। बाजार में धारणा है कि डॉलर की मंदी थामने के लिए रिजर्व बैंक हस्तक्षेप कर सकता है।