खास बातें
- आठ जनवरी को समाप्त सप्ताह में खाद्य मुद्रास्फीति 1.38 फीसद घटकर 15.52 फीसद रही, लेकिन प्याज जैसी सब्जी के दाम अभी भी उंचे बने हुए हैं।
नई दिल्ली: वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी ने गुरुवार को कहा कि आठ जनवरी को समाप्त सप्ताह में खाद्य मुद्रास्फीति में कमी ज्यादा तसल्ली देने वाला नहीं है और सरकार महंगाई को काबू में करने के लिये कदम उठाना जारी रखेगी। मुखर्जी ने संवाददाताओं से कहा, कुछ सब्जियों के दाम अभी उंचे बने हुए हैं। मुझे नहीं पता कि पेट्रोल की कीमतों में हाल में हुई वृद्धि का क्या असर होगा, क्योंकि यह आंकड़ा दो सप्ताह पुराना है। हालांकि, आठ जनवरी को समाप्त सप्ताह में खाद्य मुद्रास्फीति 1.38 फीसद घटकर 15.52 फीसद रही, लेकिन प्याज जैसी सब्जी के दाम अभी भी उंचे बने हुए हैं। हाल में पेट्रोल की कीमतों में 2.50 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि का प्रभाव मुद्रास्फीति के आंकड़े पर अभी पड़ा नहीं है। मंत्री ने कहा, लेकिन सचाई यह है कि खाद्य मुद्रास्फीति 16.91 फीसद से घटकर 15.52 फीसद के स्तर पर आ गई है। गिरावट की प्रवृत्ति जरूर है लेकिन यह बहुत तसल्ली वाली बात नहीं है। उन्होंने कहा, हमें स्थिति पर नजर रखनी होगी। आपूर्ति प्रबंधन समेत सभी जरूरी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।