यह ख़बर 28 जून, 2013 को प्रकाशित हुई थी

फिर बढ़े पेट्रोल के दाम, आधी रात से 1.82 रुपये महंगा

खास बातें

  • दिल्ली में आज मध्यरात्रि से पेट्रोल का दाम 2.19 रुपये बढ़कर 68.58 रुपये लिटर हो गया है। जून महीने में तीसरी बार पेट्रोल के दाम बढ़ाए गए हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये में पिछले कई दिनों से लगातार जारी गिरावट के चलते एक जून को पेट्रोल 75 पैसे लिटर महंगा हुआ, उ
नई दिल्ली:

डॉलर के मुकाबले रुपये की लगातार गिरावट के चलते आयात महंगा होने से पेट्रोल के दाम शुक्रवार को 1.82 रुपये प्रति लिटर बढ़ा दिए गए। इस महीने तीसरी बार पेट्रोल के दाम बढ़े हैं। डीजल के दाम में भी अगले सप्ताह शुरू में वृद्धि हो सकती है।

तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम आज मध्यरात्रि से 1.82 रुपये प्रति लिटर बढ़ा दिए। इस वृद्धि में राज्यों में लगने वाला बिक्री कर और मूल्यवर्धित कर (वैट) शामिल नहीं है। वास्तविक वृद्धि स्थानीय करों के अनुरूप अलग-अलग हो सकती है।

दिल्ली में आज मध्यरात्रि से पेट्रोल का दाम 2.19 रुपये बढ़कर 68.58 रुपये लिटर हो गया। वृद्धि से पहले दाम 66.39 रुपये लिटर पर था। जून महीने में तीसरी बार पेट्रोल के दाम बढ़ाए गए हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये में पिछले कई दिनों से लगातार जारी गिरावट के चलते एक जून को पेट्रोल 75 पैसे लिटर महंगा हुआ, उसके बाद 16 जून को इसमें दो रुपये लिटर की वृद्धि की गई और आज 1.82 रुपये लिटर फिर दाम बढ़ाए गए हैं। वैट इसमें अलग से जोड़ा जाएगा।

सरकार ने तेल कंपनियों को डीजल के दाम 40 से 50 पैसे की हल्की वृद्धि के साथ बढ़ाने की सलाह दी है। इसे देखते हुए अगले सप्ताह के शुरू में डीजल के दाम भी बढ़ाए जा सकते हैं।

मुंबई में वैट सहित पेट्रोल के दाम 2.30 रुपये बढ़कर 76.90 रुपये लिटर, कोलकाता में 2.31 रुपये बढ़कर 76.10 रुपये और चेन्नई में 2.32 रुपये बढ़कर 71.72 रुपये लिटर हो गया।

इंडियन ऑयल कापरेरेशन (आईओसी) ने पेट्रोल मूल्यवृद्धि की घोषणा करते हुए कहा ‘‘पिछली मूल्यवृद्धि के बाद भी डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर में लगातार गिरावट जारी रही और बीते पखवाड़े एक डॉलर के समक्ष रुपये की विनिमय दर 57.08 से गिकर 58.94 रुपये प्रति डॉलर पर आ गई।’’

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कंपनी के अनुसार इस दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोल के दाम भी 113.84 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 115.29 डॉलर प्रति बैरल हो गए।