यह ख़बर 10 जनवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

भारत को प्याज निर्यात पर पाक सरकार में मतभेद

खास बातें

  • वाणिज्य मंत्रालय में भारत को प्याज का निर्यात फिर से शुरू करने के मसले पर बैठक भी हुई, पर यह बेनतीजा रही।
इस्लामाबाद:

भारत को प्याज के निर्यात पर प्रतिबंध को हटाने के लिए पाकिस्तान सरकार में ही मतभेद उभर आए हैं। जहां कृषि मंत्रालय चाहता है कि भारत को प्याज का निर्यात किया जाना चाहिए, वहीं वाणिज्य मंत्रालय इसका विरोध कर रहा है। वाणिज्य मंत्रालय में भारत को प्याज का निर्यात फिर से शुरू करने के मसले पर बैठक भी हुई, पर यह बेनतीजा रही। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि वाणिज्य मंत्री मकदूम अमीन फाहिम देश के बाहर हैं और वह मंगलवार को लौट रहे हैं। इसके बाद स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक होगी। इससे पहले खाद्य एवं कृषि मंत्रालय ने भारत को प्याज का निर्यात जारी रखने पर अपनी सहमति जताई थी। मंत्रालय के एक अधिकारी ने से कहा कि पिछले साल पाकिस्तान में बाढ़ की वजह से काफी कृषि भूमि बर्बाद हो गई थी, इससे बावजूद देश में प्याज की उपज अच्छी रही है। भारतीय उच्चायोग के सूत्रों ने कहा कि पिछले सप्ताह पाकिस्तान के अधिकारियों द्वारा निर्यात पर प्रतिबंध के बाद से प्याज की कोई खेप यहां से भारत नहीं गई है। उल्लेखनीय है कि भारत में पिछले माह के उत्तरार्ध में प्याज की कीमतों के आसमान छूने के बाद पाकिस्तान से सड़क मार्ग से प्याज की खेप जानी शुरू हुई थी। इससे वहां कीमतें कुछ कम होने लगी थीं। सड़क मार्ग से प्याज भेजने की पाबंदी से दोनों देशों के व्यापारियों में रोष है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com