अब बदला-बदला सा नजर आ रहा है Google

अब बदला-बदला सा नजर आ रहा है Google

नई दिल्ली:

पिछले ही महीने कॉर्पोरेट पुनर्गठन के बाद दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगल ने एक और बड़ा बदलाव किया है। गूगल ने मंगलवार को अपने नए लोगो डिजाइन का अनावरण किया।

गूगल का यह नया लोगो कंपनी की आज की स्थिति को दर्शाता है। आज गूगल दुनियाभर के कई गैजेट्स पर उपलब्ध है, जबकि इसकी शुरुआत बड़े ही साधारण ढंग से एक ब्राउजर पेज के तौर पर हुई थी। कंपनी ने अपना पूरा लोगो रिडिजाइन किया है, इसमें कलर पहले की ही तरह रखे गए हैं। इसके अलावा कंपनी ने इन्हीं चार रंगों से सुसज्जित एक नाया 'G' भी डिजाइन किया है। अब गूगल के शॉर्ट नाम के तौर पर जहां भी 'g' का इस्तेमाल होता था, वहां अब चार रंगों से सजे 'G' का इस्तेमाल होगा।

नया लोगो गूगल के सर्च पेज पर देखा जा सकता है। इसी के साथ गूगल की सभी सेवाओं में अब उसका यह नया लोगो इस्तेमाल होगा। साल 1998 में गूगल की स्थापना के बाद से गूगल का यह 5वां लोगो है। यही नहीं वॉयस सर्च के काम में इस्तेमाल होने वाले माइक के लोगो को भी रंगीन कर दिया गया है। यही नहीं लोडिंग सिंबल के तौर पर चार डॉट भी एक बार फिर से डिजाइन किए गए हैं।
हाल ही में गूगल ने अपनी एक होल्डिंग कंपनी 'अल्फाबेट' का गठन किया था और कई सहायक कंपनियों को इसके हवाले कर दिया था। ताकि वेब एडवर्टाइजिंग बिजनेस से जुड़े काम को ड्राइवरलेस कार जैसे नए बिजनेस से अलग किया जा सके। और अब अचानक से लोगो रिडिजाइन कर कंपनी ने सभी को चौंका दिया है।
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com