खास बातें
- मजबूत वैश्विक रुख के बीच स्टाकिस्टों भारी लिवाली के चलते समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के भाव चढ़कर तीन सप्ताह के उच्चस्तर 31200 रुपये प्रति दस ग्राम तक जा पहुंचे।
नई दिल्ली: मजबूत वैश्विक रुख के बीच स्टाकिस्टों भारी लिवाली के चलते समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के भाव चढ़कर तीन सप्ताह के उच्चस्तर 31200 रुपये प्रति दस ग्राम तक जा पहुंचे। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की मांग से चांदी में भी उछाल आया।
बाजार सूत्रों के अनुसार, वैश्विक तेजी के बीच आगामी शादी-विवाह और त्योहारी मौसम के मद्देनजर सप्ताह के अंतिम सत्र में स्टाकिस्टों की ताबड़तोड़ लिवाली के चलते सोने के भाव तीन सप्ताह के उच्चस्त्र तक जा पहुंचे।
वैश्विक बाजार में सोने के भाव चढ़कर 1345.20 डॉलर प्रति औंस तक जा पहुंचे, जो 20 सितम्बर के बाद का उच्चस्तर है।
घरेलू बाजार में सोना 99.9 और 99.5 शुद्ध के भाव क्रमश: 30,250 रुपये और 30, 050 रुपये प्रति दस ग्राम कमजोर खुले और सप्ताह के दौरान 30,200 रुपये और 30, 000 रुपये तक लुढ़क गए।
बाद में वैश्विक तेजी के बीच सप्ताह के अंतिम सत्र में स्टाकिस्टों द्वारा की गई ताबड़तोड़ लिवाली के कारण इसके भाव 700 रुपये की तेजी के साथ सप्ताहांत में क्रमश: 31200 रुपये और 31000 रुपये प्रति दस ग्राम बंद हुए।
खरीदारी और बिकवाली के बीच गिन्नी के भाव मामूली उतार-चढ़ाव के बाद सप्ताहांत में पूर्वस्तर 25100 रुपये प्रति आठ ग्राम अपरिवर्तित बंद हुए।
चांदी तैयार के भाव 180 रुपये की तेजी के साथ 49680 रुपये और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 100 रुपये चढ़कर 49600 रुपये प्रति किलो बंद हुए। चांदी सिक्का के भाव 1000 रुपये की तेजी के साथ 86000:87000 रुपये सैंकड़ा बंद हुए।