खास बातें
- देश में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या 2012 में नवम्बर महीने तक पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले लगभग छह फीसदी अधिक रही।
नई दिल्ली: देश में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या 2012 में नवम्बर महीने तक पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले लगभग छह फीसदी अधिक रही।
पर्यटन मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि आलोच्य अवधि में देश में 58.99 लाख विदेशी पर्यटकों का आगमन हुआ, जबकि पिछले साल की समान अवधि में देश में 55.72 लाख विदेशी पर्यटकों का आगमन हुआ था।
आलोच्य अवधि में पर्यटकों के आगमन से होने वाली विदेशी मुद्रा की आय 83,938 करोड़ रुपये रही, जो साल दर साल आधार पर 22.1 फीसदी अधिक है। 2011 की समान अवधि में देश को विदेशी पर्यटकों से 68.721 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की आय हुई थी।
2012 में पर्यटन मंत्रालय ने भारत की छवि विदेश में बेहतर करने के लिए स्वच्छ भारत अभियान चलाया था। मंत्रालय ने पर्यटन में तेजी लाने के लिए रेल मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय एवं सूचना और संचार मंत्रालय के साथ सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किया।
केंद्र सरकार ने पर्यटन में तेजी लाने के लिए जनवरी 2012 में आसियान के साथ भी सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किया।
पर्यटन मंत्रालय ने लंदन में आयोजित विश्व पर्यटन बाजार 2012 अंतर्राष्ट्रीय अभियान 'जो ढूंढो वह पाओ' की भी शुरुआत की। इस वर्ष भारत ने सऊदी अरब में भी रोड शो किया।