यह ख़बर 31 मई, 2014 को प्रकाशित हुई थी

डीजल के दामों में 50 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी

नई दिल्ली:

डीजल के दामों में आज 50 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। तीन सप्ताह के दौरान डीजल के दामों में यह दूसरी बार बढ़ोतरी है। कीमतों में हुए इस इजाफे में राज्य शुल्क शामिल नहीं है। इससे पहले 13 मई को डीजल के दामों में बढ़ोतरी की गई थी।

नए तेल मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने यूपीए सरकार द्वारा शुरू की गई सुधार को जारी रखते हुए राज्य के स्वामित्व वाली तेल कंपनियों के साथ कई दौर की बैठकें की जिसके बाद दाम में यह मासिक वृद्धि की गई है। दाम में बढ़ोतरी से बीजेपी सरकार ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि वह पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के सुधारों को जारी रखेगी।

जनवरी 2013 में यूपीए सरकार ने हर महीने डीजल के दामों में मामूली 50 पैसे की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया था। यह निर्णय उस समय तक के लिए लिया गया था जब तक कि देश में डीजल पर सब्सिडी समाप्त न हो जाए।

तेल कंपनियों ने घोषणा की है कि यह बढ़ोतरी आज आधी रात से लागू हो जाएगी। यह बढ़ोतरी राज्य बिक्री कर या वैट को छोड़ कर है जिससे डीजल का वास्तविक मूल्य अधिक हो जाएगा और इसमें शहर-दर-शहर अंतर रहेगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

शुल्क के साथ 57 पैसों की बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में डीजल का दाम 57.28 प्रति लीटर हो जाएगा, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 65.84 प्रति लीटर हो जाएगी।