नई दिल्ली:
सरकार जल्द ही देश में सोने के सिक्कों का उत्पादन करेगी। इन सोने के सिक्कों पर अशोक चक्र अंकित होगा।
केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शनिवार को घरेलू स्तर पर अशोक चक्र अंकित सोने के सिक्कों के उत्पादन का प्रस्ताव रखा। इससे सरकार को देश में सोने के पुन:चक्रण में मदद मिलेगी।
जेटली ने अपने बजट भाषण के दौरान लोकसभा को बताया, मैं अशोक चक्र अंकित सोने के सिक्कों को ढालने का प्रस्ताव रखता हूं, जिससे देश में सोने के पुन:चक्रण में मदद मिलेगी। जेटली ने कहा कि भारत के उपभोक्ता अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए विदेशी सोने के सिक्कों पर निर्भर हैं, जिससे सरकार को भारी मात्रा में धनराशि खर्च करनी पड़ती है। भारत में हर साल 800 से 1000 टन सोना आयात किया जाता है।
इसके अलावा, जेटली ने कहा कि उन्होंने सोने के मुद्रीकरण की योजना का भी प्रस्ताव रखा है, जिससे बैंकों में सोना जमा करने पर ब्याज अर्जित किया जा सकता है। जेटली की योजना म्यूचुअल फंड योजना की तरह ही स्वर्ण बॉन्ड योजना पेश करने की भी है।