खास बातें
- उतार-चढ़ाव के इस दौर में अंतत: बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 39.01 अंक की गिरावट के साथ 19,007.53 अंक पर बंद हुआ।
मुंबई: आईटी कंपनी विप्रो के तिमाही नतीजे बाजार के अनुमान से कमजोर रहने के बीच आईटी और धातु शेयरों में बिकवाली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 39 अंक गिरावट के साथ बंद हुआ। उतार-चढ़ाव के इस दौर में अंतत: बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 39.01 अंक की गिरावट के साथ 19,007.53 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 18,932.40 अंक के दिन के निचले स्तर पर आ गया था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 15.10 अंक टूटकर 5,696.50 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 5,717.55 और 5,674.50 अंक के दायरे में घूमता रहा। हालांकि रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बाजार को काफी हद तक संभाल लिया। रिलायंस का शेयर 1.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसके अलावा, आईसीआईसीआई बैंक, भेल और एसबीआई में भी खासी तेजी दर्ज की गई। वहीं विप्रो के तिमाही नतीजे बाजार के अनुमान से कमजोर रहने की वजह से कंपनी का शेयर 4.59 प्रतिशत की गिरावट लेकर बंद हुआ। विप्रो के शुद्ध लाभ में 9.60 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में ओएनजीसी 2.57 प्रतिशत, आईटीसी 1.63 प्रतिशत, डीएलएफ 1.56 प्रतिशत, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज 1.52 प्रतिशत, एचडीएफसी 1.50 प्रतिशत, इनफोसिस 1.34 प्रतिशत, हीरो होंडा 1.25 प्रतिशत और टाटा पावर 1.10 प्रतिशत टूटा। वहीं दूसरी ओर, रिलायंस इंफ्रा 2.81 प्रतिशत, एसबीआई 2.49 प्रतिशत, रिलायंस काम 2.14 प्रतिशत, भेल 1.75 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 1.43 प्रतिशत, एमएंडएम 1.40 प्रतिशत और बजाज आटो 1.14 प्रतिशत मजबूत होकर बंद हुआ।