खास बातें
- माना जा रहा है कि बढ़ती महंगाई को रोकने के लिए आरबीआई आगामी समीक्षा में ब्याज दर में बढ़ोतरी कर सकती है।
मुम्बई: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा ब्याज दरों में वृद्धि की आशंका से सप्ताह के दौरान शेयर बाजारों में गिरावट का रुख देखा गया। माना जा रहा है कि बढ़ती महंगाई को रोकने के लिए आरबीआई आगामी समीक्षा में ब्याज दर में बढ़ोतरी कर सकती है। सप्ताह भर के कारोबार में बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स में 4.22 फीसदी यानी 831.37 अंकों की गिरावट हुई और यह 18,860 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएससी) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक 4.23 फीसदी या 250.05 अंकों की गिरावट के साथ 5,654.55 अंक पर बंद हुआ। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी क्रमश: 3.31 और 3.94 फीसदी की गिरावट देखी गई। सेंसेक्स में सर्वाधिक गिरावट एचडीएफसी बैंक (11.5 फीसदी), जयप्रकाश एसोसिएट्स (10.8 फीसदी), टाटा स्टील (9.3 फीसदी) और एलएंडटी (9.1 फीसदी) में देखी गई। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में 74.669 करोड़ रुपये की बिकवाली की। मुनाफा वसूली के कारण अन्य एशियाई शेयर बाजारों में भी गिरावट का रुख देखा गया। जापान का निक्के ई साप्ताहिक कारोबार 0.4 फीसदी की गिरावट के साथ 10,499.04 पर और चीनी शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स 1.67 फीसदी की गिरावट के साथ 2,791.34 पर बंद हुआ। हांगकांग के हैंगसैंग में इस दौरान हालांकि 2.52 फीसदी की तेजी देखी गई और यह 24,283.23 अंक पर बंद हुआ। यूरोपीय बाजार इस दौरान उतार-चढ़ाव भरा रहा। एफटीएसई 100 में 0.3 फीसदी तेजी आई और यह 6,002.7 पर और जर्मन डैक्स 1.84 फीसदी की तेजी के साथ 7,075.7 पर बंद हुआ। फ्रांस का सीएसी40 3.4 फीसदी तेजी के साथ 3,983.28 अंक पर बंद हुआ। उधर कम्पनियों के बेहतर परिणामों की उम्मीद में अमेरिकी शेयर बाजार में लगातार सातवें सप्ताह तेजी का रुख देखा गया। डाउ जोंस 0.96 फीसदी तेजी के साथ 11,787.38 पर बंद हुआ। एसएंडपी500 में 1.71 फीसदी की तेजी आई और यह 1,293.24 पर बंद हुआ, जबकि नास्डाक कम्पोजिट 1.93 फीसदी तेजी के साथ 2,755.3 अंक पर बंद हुआ।