Worlds Youngest Self Made Billionaires: भारतीय मूल के सूर्या मिधा और आदर्श हिरेमठ ने इतिहास रच दिया है. उन्होंने मेटा के फाउंडर मार्क जुकरबर्ग का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दुनिया के सबसे युवा सेल्फ-मेड अरबपति बन गए हैं. दरअसल फोर्ब्स की वर्ल्ड्स बिलियनेयर्स लिस्ट 2026 के अनुसार सिर्फ 22 साल के भारतीय मूल के सूर्या मिधा और आदर्श अब दुनिया के सबसे कम उम्र के सेल्फ-मेड अरबपति बन गए हैं.
अब तक सबसे कम उम्र में खुद के दम पर अरबपति बनने का रिकॉर्ड मार्क जुकरबर्ग के नाम था, जिन्होंने 2008 में 23 साल की उम्र में ये मुकाम हासिल किया था. लेकिन सूर्या मिधा ने केवल 22 साल की उम्र में 2.2 बिलियन डॉलर यानी लगभग 18,500 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ इस आंकड़े को पार कर लिया.
एआई स्टार्टअप ने बदली किस्मत
सूर्या और आदर्श की जबरदस्त सफलता के पीछे उनका एआई बेस्ड स्टार्टअप मर्कोर है. उन्होंने साल 2023 में अपने दोस्त ब्रेंडन फूडी के साथ मिलकर ये कंपनी शुरू की थी. मर्कोर एक ऐसा स्मार्ट एआई प्लेटफॉर्म है जो रिक्रूटमेंट के प्रोसेस को ऑटोमेटिक बना देता है. ये प्लेटफॉर्म एआई के जरिए इंटरव्यू लेता है और कंपनियों की मदद करता है. अक्टूबर 2025 में इस स्टार्टअप को बड़ा निवेश मिला, जिसके बाद इसकी वैल्यूएशन 10 अरब डॉलर से भी ज्यादा हो गई.
दिल्ली से अमेरिका तक का सफर
सूर्या भारत की राजधानी दिल्ली से जुड़े हैं. उनके माता-पिता दिल्ली से अमेरिका जाकर कैलिफोर्निया में बस गए थे. सूर्या का जन्म माउंटेन व्यू में हुआ और उनकी परवरिश सैन जोस में हुई. वो हाई स्कूल में नेशनल डिबेट चैंपियन रह चुके हैं. उन्होंने जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है लेकिन स्टार्टअप के जुनून के चलते उन्होंने बीच में ही ब्रेक लिया और मर्कोर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया.
वहीं दूसरी तरफ आदर्श हिरेमठ और सूर्या हाईस्कूल के दोस्त रहे हैं. आदर्श ने कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से पूरी की. इसके बाद अपने दोस्त के साथ मिलकर मर्कोर कंपनी पर फोकस किया.
फोर्ब्स के अनुसार दुनिया के टॉप-10 सबसे कम उम्र के अरबपति
- अमेली वोग्ट ट्रेजेस (20 साल): जर्मनी
- जोहान्स वॉन बाउम्बैक (20 साल): जर्मनी
- लिविया वोग्ट डी असिस (21 साल): ब्राजील
- क्लेमेंटे डेल वेकियो (21 साल): इटली
- किम जंग-यून (22 साल): दक्षिण कोरिया
- सूर्या मिधा (22 साल): भारतीय मूल/यूएसए
- ब्रेंडन फूडी (22 साल): यूएसए
- आदर्श हिरेमथ (22 साल): भारतीय मूल/यूएसए
- केविन डेविड लेहमैन (23 साल): जर्मनी
- पेड्रो वोग्ट ट्रेजेस (23 साल): जर्मनी














