Share Market Opening: शेयर बाजार के निवेशकों के लिए कल का जश्न आज मातम में बदलता दिख रहा है. बुधवार को जहां शेयर बाजार ने लंबी छलांग लगाई थी, वहीं आज गुरुवार ,9 अप्रैल की सुबह शेयर बाजार में फिर से मायूसी छा गई है. इसकी वजह अमेरिका और ईरान के बीच हुआ वो नाजुक सीजफायर है, जो टूटने की कगार पर पहुंच गया है. युद्धविराम के उल्लंघन की खबरों ने निवेशकों के भरोसे को हिला दिया है, जिससे बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में ट्रेड कर रहे हैं.
आज खुलते ही लुढ़के सेंसेक्स और निफ्टी
गुरुवार सुबह 9:15 बजे भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स में कमजोरी देखने को मिली. BSE सेंसेक्स 541 अंक (0.70%) टूटकर 77,021 के स्तर पर खुला. वहीं, NSE निफ्टी भी 128 अंक (0.62%) की गिरावट के साथ 23,848 के लेवल पर आ गया. कल की भारी तेजी के बाद आज बाजार में आई यह गिरावट साफ संकेत दे रही है कि निवेशक अभी भी डरे हुए हैं.
इन दिग्गज कंपनियों के शेयरों में दिखी सुस्ती
बाजार में सबसे ज्यादा मार आईटी, रियलिटी, बैंकिंग और ऑटो सेक्टर पर पड़ी है, जहां 1% तक की कमजोरी दर्ज की गई है.आज के टॉप लूजर्स यानी सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर में Infosys, Shriram Finance, HCL Tech, Bajaj Finance, IndiGo, Tech Mahindra, Axis Bank और M&M जैसे बड़े नाम शामिल हैं.
कच्चे तेल की कीमतों में लगी आग, $98 की ओर भाव
युद्ध के बढ़ते खतरे का सबसे ज्यादा असर कच्चे तेल पर दिखा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) 3.31% उछलकर 97.89 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है. वहीं, अमेरिकी क्रूड (WTI) भी 4.2% की भारी बढ़त के साथ 98.38 डॉलर पर ट्रेड कर रहा है.
विदेशी निवेशकों (FIIs) की बिकवाली जारी
बाजार के आंकड़े बताते हैं कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) का भरोसा अब भी डगमगाया हुआ है. बुधवार को FIIs ने बाजार से ₹2,812 करोड़ की निकासी की. हालांकि, घरेलू निवेशकों (DIIs) ने मोर्चा संभाले रखा और ₹4,168 करोड़ की खरीदारी की, जिससे बाजार को थोड़ा सहारा मिला.
कल क्यों आया था शेयर बाजार में तूफानी तेजी?
आपको बता दें कि बुधवार को बाजार रॉकेट की रफ्तार से भाग रहा था. ईरान और अमेरिका के बीच दो हफ्ते के सीजफायर यानी युद्ध विराम की खबर से सेंसेक्स 2,946 अंक यानी करीब 4% उछलकर 77,562 पर बंद हुआ था. निफ्टी भी 24,000 के बेहद करीब पहुंच गया था. उस वक्त ऐसा लगा था कि अब जंग थम जाएगी और संकट टल गया है, लेकिन यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक पाई.
सीजफायर पर क्यों मंडरा रहा है खतरा?
कल शाम को आई कुछ खबरों ने पूरा खेल बिगाड़ दिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइल ने लेबनान पर हमले किए, जिसे सीजफायर के उल्लंघन के तौर पर देखा जा रहा है. इस पर ईरान ने भी कड़े शब्दों में पलटवार की धमकी दे दी है. दो हफ्ते की शांति की जो उम्मीद जगी थी, वह इन हमलों की वजह से अब धुंधली पड़ती दिख रही है. इसी अनिश्चितता की वजह से आज निवेशकों ने मुनाफावसूली और बिकवाली शुरू कर दी.














