Share Market: बढ़त के साथ बंद हुए शेयर बाजार पर IT शेयरों ने डुबोई निवेशकों की लुटिया, AI ने ऐसा क्‍या किया?

30 शेयरों वाला BSE Sensex 567.99 अंक या 0.75 प्रतिशत बढ़कर 76,070.84 पर बंद हुआ. वहीं 50 शेयरों वाला NSE Nifty172.35 अंक या 0.74 प्रतिशत चढ़कर 23,581.15 पर बंद हुआ.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Share Market: बढ़त के साथ बंद हुए शेयर बाजार

हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ. 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 567.99 अंक या 0.75 प्रतिशत बढ़कर 76,070.84 पर बंद हुआ. वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 172.35 अंक या 0.74 प्रतिशत चढ़कर 23,581.15 पर बंद हुआ. हालांकि दिन के कारोबार के दौरान IT शेयरों में बड़ी गिरावट देखी गई. 

इससे पहले भारतीय शेयर बाजार दिनभर एक सीमित दायरे में कारोबार करता दिखा. दोपहर 12:30 बजे सेंसेक्स 24 अंक की मामूली गिरावट के साथ 75,478 और निफ्टी 13 अंक की कमजोरी के साथ 23,394 पर ट्रेड कर रहा था. लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी सीमित दायरे में कारोबार होता दिखा. 

AI के डर से आईटी शेयरों में बड़ी गिरावट

मंगलवार को आईटी सेक्टर के शेयरों में जोरदार गिरावट देखने को मिली, क्योंकि निवेशकों में यह चिंता बढ़ रही है कि जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पारंपरिक कमाई के तरीकों को प्रभावित कर सकता है. इसके चलते आईटी सेक्टर घरेलू बाजार में सबसे ज्यादा गिरावट वाला सेक्टर बनकर उभरा. निफ्टी आईटी इंडेक्स में 2.59 प्रतिशत तक की गिरावट आई और यह 28,288 के स्तर तक पहुंच गया, जो दिन का निचला स्तर था. इस दौरान इंडेक्स के सभी शेयरों में लगभग 7 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई. वहीं, निफ्टी में पूरे दिन उतार-चढ़ाव बना रहा, जबकि पीएसयू बैंक और एफएमसीजी सेक्टर में भी कमजोरी देखने को मिली, जहां करीब 1 प्रतिशत तक की गिरावट आई.

7% तक लुढ़क गए आईटी शेयर 

दोपहर 2:15 बजे तक निफ्टी आईटी के सभी शेयर नुकसान में कारोबार कर रहे थे, और कई बड़े आईटी शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली. परसिस्टेंट सिस्टम्स का शेयर करीब 3 प्रतिशत गिरकर 4,496.70 रुपए पर आ गया, जबकि विप्रो 3.5 प्रतिशत गिरकर 188.25 रुपए पर पहुंच गया. 

Advertisement

कोफोर्ज सबसे ज्यादा गिरने वाला शेयर रहा, जिसमें 6.7 प्रतिशत की गिरावट के साथ यह 1,008.10 रुपए पर आ गया. अन्य बड़े आईटी शेयरों में भी गिरावट देखी गई. ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर (ओएफएसएस) 2.79 प्रतिशत गिरकर 6,234.50 रुपए, इंफोसिस 2.77 प्रतिशत गिरकर 1,215.10 रुपए और टीसीएस 2 प्रतिशत गिरकर 2,360 रुपए पर पहुंच गया.

इसके अलावा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज 2.32 प्रतिशत गिरकर 1,297.70 रुपए, एलटीआई माइंडट्री 2.35 प्रतिशत गिरकर 4,108.10 रुपए और एमफैसिस 2.43 प्रतिशत गिरकर 2,030.50 रुपए पर आ गए. वहीं टेक महिंद्रा में भी 1.59 प्रतिशत की गिरावट आई, हालांकि यह अन्य शेयरों के मुकाबले थोड़ा मजबूत रहा.

Advertisement

आईटी सेक्‍टर में मुनाफावसूली 

विशेषज्ञों के अनुसार, जनरेटिव एआई के बढ़ते प्रभाव के कारण निवेशक आईटी सेक्टर में मुनाफावसूली कर रहे हैं. उन्हें चिंता है कि यह तकनीक एप्लिकेशन डेवलपमेंट, टेस्टिंग और मेंटेनेंस जैसी पारंपरिक सर्विस बिजनेस को प्रभावित कर सकती है, जो आईटी कंपनियों की कमाई का बड़ा हिस्सा हैं.

इसके अलावा, एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग ने हाल ही में कहा कि 'फिजिकल एआई का दौर शुरू हो चुका है' और आने वाले समय में हर इंडस्ट्रियल कंपनी रोबोटिक्स कंपनी बन सकती है, जिससे टेक्नोलॉजी के रुझानों में बड़ा बदलाव दिख रहा है. उनके बयान की एक अहम बात यह भी थी कि एनवीडिया के नए एआई प्लेटफॉर्म - ब्लैकवेल और वेरा रुबिन सिस्टम - की मांग 2027 तक 1 ट्रिलियन डॉलर के रेवेन्यू में बदल सकती है, जो इस सेक्टर में तेजी से बदलाव का संकेत देता है.

अमेरिकी फेड मीटिंग पर नजर

बाजार के सीमित दायरे में कारोबार करने की बड़ी वजह में से अमेरिकी फेड की बैठक है, जो कि मंगलवार को शुरू होगी और इसके नतीजों का ऐलान बुधवार को किया जाएगा. ब्याज दरों की समीक्षा के लिए अमेरिकी फेड की बैठक ऐसे समय पर हो रही है, जब कच्चा तेल ईरान युद्ध के चलते एक महीने में 50 प्रतिशत से अधिक की तेजी दिखा चुका है और इससे अमेरिका में महंगाई में बढ़ने की संभावना भी अधिक हो गई है. इस कारण से बाजार के लिए फेड की बैठक में ब्याज दरों पर निर्णय काफी अहम होगा. इससे ही बाजार की आगे की चाल तय होगी, जिसके चलते निवेश सतर्क बने हुए हैं.

मंगलवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के डेरिवेटिव्स कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी होती है और इस दिन ट्रेडर्स अपनी पॉजिशन में आमतौर पर बड़ा बदलाव करते हैं, जिससे बाजार एक सीमित दायरे में बना हुआ है. विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार बिकवाली से भी बाजार में तेजी को सपोर्ट नहीं मिल रहा है. सोमवार के सत्र में मुख्य सूचकांकों में एक प्रतिशत की तेजी के बाद भी एफआईआई ने 9,365.52 करोड़ रुपए की बिकवाली की थी.
 

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran Attack Israel | Netanyahu के VIRAL Video का क्या है सच? Russia में चल रहा है इलाज? | Khameneni