Petrol-Diesel Price: अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे टेंशन के चलते स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में लगातार रुकावट है. वहां से तेल के जहाज ना आ पा रहे हैं और ना ही जा पा रहे हैं. नतीजन कच्चे तेल की कीमतें हर दिन नए रिकॉर्ड बना रही हैं. दुनियाभर के देशों में तेल को लेकर चिंता देखी जा रही है. सोशल मीडिया पर तरफ-तरह की अफवाहें चल रही हैं, इसी को देखते हुए देश की बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ताजा स्थिति की जानकारी साझा की है.
देश में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई में कोई कमी नहीं
इंडियन ऑयल के अनुसार देश में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता पर कोई शंका नहीं है. पर्याप्त मात्रा में तेल मौजूद है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि वो अफवाहों पर ध्यान ना दें. बेवजह पेट्रोल या डीजल को स्टोर ना करें. तेल की सप्लाई ठीक चल रही है. केवल आधिकारिक बयानों पर ही विश्वास करें.
गैस पर दिया बड़ा अपडेट
इसके साथ ही एलपीजी गैस पर अपडेट देते हुए इंडियन ऑयल ने बताया कि देश में गैस को लेकर भी कोई संकट नहीं है. लगातार ग्राहकों को बिना रुके डिलिवरी की जा रही हैं. ऐसे में सोशल मीडिया पर चल रहीं अफवाहों पर ध्यान ना दें.
कीमत बढ़ने, दाम बढ़ने की चल रही अफवाहें
बीते दिनों पीआईबी फैक्ट चेक टीम ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक जानकारी साझा करते हुए बताया था कि सोशल मीडिया पर तेल के दाम बढ़ने की लगातार खबरें चल रहीं हैं, जो कि बिल्कुल ही गलत हैं. लोग इन अफवाहों पर ध्यान ना दें. सरकार की तरफ से दाम बढ़ानें के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है.
ब्रेंट क्रूड 120 डॉलर प्रति बैरल के पार
ईरान और अमेरिका के बीच टेंशन का असर तेल की कीमतों पर पड़ा है. दुनिया के कुल तेल और गैस सप्लाई का पांचवां हिस्सा 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' (Strait of Hormuz) से होकर गुजरता है, जिस पर संकट मंडरा रहा है. इसी डर से ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं, जो 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद का सबसे ऊंचा लेवल है. वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) भी 108 डॉलर के आसपास बना हुआ है.














