Blinkit at Mumbai Airport: मुंबई एयरपोर्ट पर सामान डिलीवर करेगा ब्लिंकिट, चार्जर या किताबें भूल गए तो नो टेंशन

Mumbai Airport पर Blinkit डिलीवर करेगा सामान: सफर के दौरान भूल जाने वाली चीजें जैसे फोन चार्जर, ट्रेवल एक्सेसरीज, स्नैक्स, किताबें, बेबी केयर प्रोडक्ट्स और पर्सनल केयर का सामान अब कुछ ही मिनटों में यात्रियों तक पहुंच जाएगा.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Mumbai Airport पर Blinkit करेगा डिलीवरी

Blinkit at Mumbai Airport: एयरपोर्ट पर पहुंच गए और अचानक याद आया कि अरे, फोन या लैपटॉप का चार्जर लाना ही भूल गए! सफर में पढ़ने के लिए कोई फेवरेट नोवेल बुक लेनी थी, पर भूल गए. कोई मॉश्‍चराइजर, सेविंग किट या फिर कुछ और, जो साथ ले जाना था, लेकिन लाना ही भूल गए! टेंशन नहीं लेनी है, Blinkit है न? अब आप कहेंगे कि एयरपोर्ट पर ये कैसे संभव है? आप ठीक सोच रहे हैं! लेकिन एयरपोर्ट अगर मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशन एयरपोर्ट यानी मुंबई एयरपोर्ट हो, तो ये संभव है. जी हां!  एयरपोर्ट पर खरीदारी के अनुभव को पूरी तरह बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) ने ब्लिंकिट (Blinkit) के साथ साझेदारी की है. इसके तहत मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर भारत की पहली 'इन-टर्मिनल क्विक कॉमर्स' डिलीवरी सेवा शुरू की गई है.

मुंबई एयरपोर्ट पर कहां तक होगी डिलीवरी? 

यह सेवा अभी टर्मिनल-2 (घरेलू प्रस्थान) पर शुरू हुई है. यात्री ब्लिंकिट ऐप के जरिए जरूरी सामान ऑर्डर कर सकते हैं, जिसकी डिलीवरी सीधे एयरपोर्ट के अंदर बोर्डिंग गेट, लाउंज, फूड कोर्ट और चुनिंदा पार्टनर आउटलेट्स पर की जाएगी.

ब्लिंकिट से क्या-क्या मिलेगा?

सफर के दौरान भूल जाने वाली चीजें जैसे फोन चार्जर, ट्रेवल एक्सेसरीज, स्नैक्स, किताबें, बेबी केयर प्रोडक्ट्स और पर्सनल केयर का सामान अब कुछ ही मिनटों में यात्रियों तक पहुंच जाएगा. सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए पानी की बोतलें, जूस और कोल्ड ड्रिंक्स जैसे तरल पदार्थ एयरपोर्ट के अंदर के अप्रूव्ड स्टॉक से ही दिए जाएंगे.

अदाणी एयरपोर्ट्स का डिजिटल विजन

अदाणी एयरपोर्ट्स के प्रवक्ता ने कहा, 'हम इस बात पर काम कर रहे हैं कि कैसे डिजिटल सेवाएं एयरपोर्ट के अनुभव को बेहतर बना सकती हैं. टर्मिनल के अंदर ऐप आधारित सुविधा मिलने से यात्री अपने समय का बेहतर इस्तेमाल कर पाएंगे और सेवा का स्तर भी ऊंचा होगा.'

Advertisement

ब्लिंकिट के लिए नया बाजार

ब्लिंकिट के लिए यह साझेदारी एक ऐसे व्यस्त माहौल में प्रवेश है जहां समय की कमी होती है और सुविधा सबसे ज्यादा मायने रखती है. यह कदम क्विक कॉमर्स को रिहायशी इलाकों से बाहर निकालकर एक गतिशील ट्रैवल ईकोसिस्टम तक ले जाता है.

बदलेगा एयरपोर्ट रिटेल का चेहरा

जानकारों का मानना है कि डिजिटल रिटेल और फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर के इस मेल से एयरपोर्ट की कमाई के तरीकों में बड़ा बदलाव आएगा. अदाणी एयरपोर्ट्स के लिए यह तकनीक के जरिए यात्रियों की जरूरतों को पूरा करने की एक बड़ी रणनीति का हिस्सा है.

Advertisement

कीमतों में पारदर्शिता और पहुंच

टर्मिनल-2 पर हर दिन हजारों यात्रियों की आवाजाही होती है. यह सेवा उन आखिरी वक्त की जरूरतों को पूरा करेगी जो अक्सर चेक-इन लगेज में छूट जाती हैं. साथ ही, ऐप आधारित डिलीवरी से एयरपोर्ट रिटेल में पारदर्शिता और सामान तक आसान पहुंच भी सुनिश्चित होगी, जिसे अब तक काफी महंगा और समय लेने वाला माना जाता था.

ये भी पढ़ें:  NSE-IGX पार्टनरशिप: अब शेयरों की तरह खरीद-बेच सकेंगे नैचुरल गैस, शुरू होने वाली है ट्रेडिंग, निवेशकों के लिए बड़ा मौका!

Featured Video Of The Day
YouTube व्यूअरशिप में NDTV की हैट्रिक, NDTV इंडिया और NDTV 24X7 नंबर 1 | NDTV India