Oracle Financial Dividend: ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर लिमिटेड (OFSS) ने न केवल अपने धमाकेदार तिमाही नतीजों से बाजार को चौंकाया है, बल्कि अपने शेयरधारकों के लिए पैसों की बरसात भी कर दी है.ओरेकल फाइनेंशियल ने बुधवार को अपने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजों के साथ एक शानदार डिविडेंड (Dividend)का ऐलान किया है.
कंपनी ने प्रति शेयर 270 रुपए का अंतरिम डिविडेंड (Interim Dividend) देने की घोषणा की है. अगर आपके पास इस कंपनी के शेयर हैं, तो यह खबर आपकी जेब भरने वाली है.
नोट कर लें रिकॉर्ड डेट, कब आएगा पैसा?
कंपनी ने शेयरहोल्डर्स की एलिजिबिलिटी तय करने के लिए 7 मई को रिकॉर्ड डेट (Record Date) तय किया है. इसका मतलब है कि अगर 7 मई तक आपके डीमैट अकाउंट में कंपनी के शेयर होंगे, तभी आप इस डिविडेंड के हकदार होंगे. अच्छी बात यह है कि यह पैसा 21 मई या उससे पहले आपके बैंक खाते में जमा कर दिया जाएगा.
मुनाफे में जबरदस्त उछाल, कंपनी ने पेश किए शानदार आंकड़े
कंपनी के तिमाही नतीजे भी काफी शानदार रहे हैं. कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट पिछली तिमाही के 610 करोड़ रुपए के मुकाबले 38.1% बढ़कर 842 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है. कंपनी का रेवेन्यू भी 5.1% की बढ़त के साथ 2,065 करोड़ रुपए रहा है. इसके अलावा कंपनी का एबिट (EBIT) 29.5% बढ़कर 1,041 करोड़ रुपए हो गया है, जबकि एबिट मार्जिन 40.9% से बढ़कर 50.4% पर पहुंच गया है.
आपको बता दें कि वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ पिछले साल के मुकाबले 6.3% गिरकर 541 करोड़ रुपए रहा था. हालांकि, उस समय भी रेवेन्यू में 2.5% की मामूली बढ़त देखी गई थी. लेकिन चौथी तिमाही के नतीजों ने पुरानी सारी कसर पूरी कर दी है और निवेशकों को एक बड़ा तोहफा दिया है.
'रॉकेट' बना ओरेकल फाइनेंशियल का स्टॉक
इन शानदार नतीजों और भारी-भरकम डिविडेंड की खबर आते ही शेयर बाजार में ओरेकल फाइनेंशियल के शेयर की जबरदस्त खरीदारी शुरू हो गई. आज दोपहर तक कंपनी का शेयर 8.33% यानी करीब 677 रुपए की बढ़त के साथ 8,803.50 रुपए के स्तर पर ट्रेड कर रहा था. निवेशकों में कंपनी के फ्यूचर को लेकर काफी उत्साह दिख रहा है.
ये भी पढ़ें- Gold-Silver Price Today: आज धड़ाम से गिरी सोने-चांदी की कीमतें, फटाफट जानें 23 अप्रैल को कितना सस्ता हुआ गोल्ड-सिल्वर














