नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन का होगा विस्तार, सेक्‍टर 142 तक 3 साल में 10 नए मेट्रो स्‍टेशन, इस कंपनी को मिला 2,500 करोड़ रुपये का ऑर्डर

Noida Metro Extension: नोएडा मेट्रो के विस्‍तार का काम अब कागजों से जमीन पर उतरने वाला है. NMRC ने इसके लिए एक बड़ी कंपनी को 2500 करोड़ रुपये का ऑर्डर दिया है. जानिए इस प्‍लान और काम के बारे में विस्‍तार से.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
noida metro aqua line route extension plan L and T 2500 Crore order
Source: NDTV Graphics/Canva

नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार का काम कागज से उतर कर अब आगे बढ़ चला है. दो रूट पर 15 किलोमीटर से ज्‍यादा विस्‍तार होने वाला है और इन रूट्स पर 10 नए मेट्रो स्‍टेशन बनेंगे. इसके लिए NMRC यानी नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने 2,500 करोड़ रुपये का ऑर्डर जारी किया है. देश की दिग्गज इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को इस परियोजना के लिए ऑर्डर मिला है. कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में ये बात बताई है.  

3 साल में 15 किमी ट्रैक पर 10 नए मेट्रो स्‍टेशन बनेंगे 

इस परियोजना के तहत कुल 15.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड मेट्रो ट्रैक का निर्माण किया जाएगा. इसके अलावा 10 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन भी बनाए जाएंगे. कंपनी को ये पूरा काम 36 महीने यानी तीन साल में पूरा करना है. L&T की एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, प्रोजेक्‍ट में 2 अलग-अलग हिस्‍सों में एलिवेटेड वायाडक्‍ट डिजाइन और निर्माण शामिल है.

  1. बॉटनिकल गार्डन से नोएडा सेक्टर-142: इस रूट पर मेट्रो कॉरिडोर का विस्तार किया जाएगा.
  2. डिपो स्टेशन से बोराकी: इस हिस्से में भी एलिवेटेड मेट्रो ट्रैक का निर्माण होगा.

इन दोनों हिस्सों को मिलाकर कुल 15.1 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वायाडक्ट बनाया जाएगा. इसके साथ 10 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन भी तैयार किए जाएंगे. कंपनी के मुताबिक, इस विस्तार से नोएडा के तेजी से विकसित हो रहे शहरी इलाकों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी. इससे यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है.

दूसरी तिमाही में L&T का राजस्व 16% बढ़ा

L&T ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है. कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 16% बढ़कर 78,750 करोड़ रुपये हो गया. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का राजस्व 67,984 करोड़ रुपये था.

Advertisement

कंपनी ने बताया कि प्रोजेक्ट्स, प्रोडक्ट्स एंड मैन्युफैक्चरिंग (PPM) पोर्टफोलियो के अलग-अलग कारोबारों में बेहतर प्रदर्शन से राजस्व को बढ़ावा मिला.

एक तिमाही में मिले 1.47 लाख करोड़ रुपये के ऑर्डर

30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही के दौरान L&T को कुल 1,47,665 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले. ये पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 28% ज्यादा हैं.

Advertisement

कंपनी को हाइड्रोकार्बन, ऑफशोर और ऑनशोर, कार्बनलाइट सॉल्यूशंस, पब्लिक स्पेस, एयरपोर्ट और पावर ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन जैसे कारोबारों से बड़े ऑर्डर मिले.

इन नए ऑर्डर में अंतरराष्ट्रीय बाजार की हिस्सेदारी 63% रही. विदेशी बाजारों से कंपनी को कुल 92,375 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिले.

8.5 लाख करोड़ रुपये की ऑर्डर बुक

L&T के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर एसएन सुब्रह्मण्यन ने कहा कि भू-राजनीतिक परिस्थितियों में लगातार बदलाव के बावजूद कंपनी ने मजबूत तिमाही प्रदर्शन किया है. कंपनी ने तिमाही आधार पर अब तक का सबसे ज्यादा ऑर्डर इनफ्लो हासिल किया है.

उन्होंने बताया कि कंपनी की कुल ऑर्डर बुक 8.5 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है. इससे आने वाले कई वर्षों के कारोबार और राजस्व की संभावनाएं मजबूत हुई हैं.

Advertisement

सुब्रह्मण्यन के मुताबिक, कंपनी आगे भी नवाचार, डिजिटल क्षमताओं और टेक्नोलॉजी आधारित कारोबारों में निवेश जारी रखेगी. इसका मकसद विकास की रफ्तार बनाए रखना और लंबे समय में हितधारकों के लिए वैल्यू तैयार करना है.

यह भी पढ़ें | नोएडा मेट्रो का विस्तार: सीधे दिल्ली जा सकेंगे ग्रेटर नोएडा वाले

Featured Video Of The Day
Delhi Diwali Tradegy | सीने में रॉकेट लगने से कैसे हुई मौत?

Topics mentioned in this article
Noida Metro Aqua Line Extension
Noida Metro Aqua Line Corridors
Noida Metro Aqua Line To Expand
Noida Metro Aqua Line
L And T

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं