LPG Price Hike: पहले 28 फिर 60 और 115 रुपये... क्या और बढ़ेंगे गैस सिलेंडर के दाम, किल्‍लत तो नहीं होगी न? यहां दूर करें कन्‍फ्यूजन

बताया जा रहा है कि फिलहाल गैस की किल्‍लत नहीं होने वाली और ऐसे में कीमतें भी फिलहाल नहीं बढ़ेंगी. सरकार ने कंपनियों से एलपीजी का उत्‍पादन बढ़ाने को भी कहा है. अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पिछले दो दिनों में LPG का घरेलू उत्पादन 10 फीसदी बढ़ा है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
LPG सिलेंडर को लेकर आपको भी हो रही टेंशन तो पढ़ लें ये रिपोर्ट, सारा कन्‍फ्यूजन दूर हो जाएगा

मिडिल ईस्‍ट में चल रही जंग के बीच देश में LPG सिलेंडर की आपूर्ति और कीमतों को लेकर खूब चर्चा हो रही है. कई शहरों से जमाखोरी और कालाबाजारी की खबरें भी सामने आ रही हैं. इस बीच सरकार ने LPG बुकिंग को लेकर नियम भी सख्‍त किए हैं. इस महीने की शुरुआत में ही कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 28 रुपये से 31 रुपये तक बढ़ाए गए थे. फिर ईरान के हॉर्मूज जलडमरुमध्‍य ब्‍लॉक करने के फैसले के बीच 7 मार्च को घरेलू सिलेंडर के दाम 60 रुपये, जबकि कमर्शियल सिलेंडर के दाम 115 रुपये तक बढ़ा दिए गए है. अब जिस तरह से जमाखोरी, कालाबाजारी की खबरों के बीच चर्चा होने लगी है कि क्‍या LPG सिलेंडर के दाम और बढ़ेंगे. इसको लेकर सरकार से जुड़े सूत्रों ने बड़ा अपडेट दिया है. 

LPG सिलेंडर पर क्‍या है अपडेट? 

बताया जा रहा है कि फिलहाल गैस की किल्‍लत नहीं होने वाली और ऐसे में कीमतें भी फिलहाल नहीं बढ़ेंगी. सरकार ने कंपनियों से एलपीजी का उत्‍पादन बढ़ाने को भी कहा है. अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पिछले दो दिनों में LPG का घरेलू उत्पादन 10 फीसदी बढ़ा है. उन्‍होंने बताया कि एलपीजी सिलिंडरों में 60 रुपये की बढ़ोत्तरी का वर्तमान संकट से कुछ लेना देना नहीं है, ये पहले से ही तय था.  

उन्‍होंने कहा, 'पहले की तरह अभी भी एलपीजी की बुकिंग और डिलीवरी में 2.5 दिनों का ही अंतर है , लेकिन नई बुकिंग 25 दिनों के बाद ही हो सकेगी.' 

इस संकट से पहले रोजाना 60 लाख एलपीजी सिलेंडर का वितरण किया जाता था, अभी भी उतना ही हो रहा है. एलपीजी को लेकर कुछ जगहों पर हुई दिक्कत और लग रही लाइनें इसलिए हैं क्योंकि घबराहट में कुछ लोग जल्दी जल्दी एलपीजी लेने आ रहे हैं. 

उन्‍होंने बताया, 'गैर हॉर्मूज स्रोतों से कच्चे तेल का आपूर्ति अब 70 फ़ीसदी हो रही है , जो दी दिनों पहले 60 फ़ीसदी और 10 दिनों पहले 50 फ़ीसदी थी. अब हम 40 देशों से कच्चा तेल मंगा रहे हैं. देश के सभी रिफाइनरी अपनी पूरी क्षमता के साथ चल रहे हैं. देश में 70 दिनों की भंडारण क्षमता है. 

कमर्शियल सिलेंडर की दिक्कतों पर क्‍या कहा? 

उन्‍होंने कहा, 'घरेलू उपभोक्ताओं का हित सबसे ऊपर है. साथ ही कमर्शियल सिलेंडर में हो रही दिक्कतों पर कहा कि अगर कहीं दिक्कत आ रही है तो हम उसको देख रहे हैं , लेकिन जमाखोरी करने की कोशिश न हो, इसके लिए कदम उठाए जा रहे हैं. अगर कमर्शियल और घरेलू उपभोक्ताओं के बीच चुनाव करने की नौबत आएगी तो प्राथमिकता घरेलू उपभोक्ताओं को दी जाएगी.  

Advertisement

'सिलेंडर पर राजनीति न  हो, पैनिक होने की जरूरत नहीं' 

देश में एलपीजी (LPG) की किल्लत की खबरों के बीच 'एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन' के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश ने जनता और राजनीतिक दलों से खास अपील की है. उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और लोगों को पैनिक होने की कतई जरूरत नहीं है.

चंद्र प्रकाश ने कहा, 'कई राज्यों से शिकायतें मिल रही हैं कि नेताओं के भ्रामक बयानों से जनता में भ्रम फैल रहा है. मैं हाथ जोड़कर विनती करता हूँ कि सिलेंडर पर राजनीति न करें, इससे अनावश्यक डर फैलता है.' उन्होंने जनता को सलाह दी कि सोशल मीडिया की अफवाहों पर ध्यान न दें और सिलेंडर के लिए गोदामों पर भीड़ न लगाएं, क्योंकि डिलीवरी हमेशा की तरह घर पर ही होगी.

Advertisement

आयात पर निर्भरता और आपूर्ति की स्थिति 

भारत अपनी जरूरत का केवल 35-40% एलपीजी खुद पैदा करता है, जबकि 60% हिस्सा सऊदी अरब और मिडिल ईस्ट से आयात होता है. अध्यक्ष ने भरोसा जताया कि यदि मौजूदा स्थिति बनी रही, तो हम जल्द ही बेहद आरामदायक स्थिति में होंगे और फिलहाल कोई बड़ा संकट नहीं है.

फेडरेशन के अनुसार, हालांकि कमर्शियल गैस की सप्लाई कल रात से रोकी गई है, लेकिन घरेलू गैस का कोई संकट नहीं है. वर्तमान नियमों के तहत उपभोक्ता 25 दिन के अंतराल पर ही अगली बुकिंग करा सकेंगे. कालाबाजारी की संभावनाओं को नकारते हुए उन्होंने कहा कि डिस्ट्रीब्यूटर्स को ग्राहकों की संख्या के आधार पर ही कोटा मिलता है.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran-Israel War की वजह से रेस्टोरेंट पर गहराया संकट, सिलेंडर सप्लाई ठप, हरदीप पुरी को पत्र