LPG Crisis: ईरान-इजरायल जंग लगातार जारी है. तेल के साथ गैस की कमी वैश्विक स्तर पर देखी जा रही है. एक्सपर्ट का कहना है कि अगर एलपीजी की सप्लाई में चल रही परेशानी एक हफ्ते और चली, तो जोमेटो और स्विगी की तिमाही की कमाई करीब 3% तक कम हो सकती है. कई रेस्टोरेंट खाना बनाने के लिए कमर्शियल एलपीजी पर निर्भर हैं और गैस की कमी से उनका काम रुक रहा है.
फूड डिलीवरी के बढ़ रहे थे ऑर्डर
पिछले कुछ महीनों में फूड डिलीवरी के बिजनेस में इजाफा देखा गया था. ऐसा इसलिए क्योंकि ऑर्डर की संख्या बढ़ रही थी, साथ ही ज्यादातर रेस्टोरेंट ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़ रहे थे. लेकिन अब अगर ये रेस्टोरेंट सही से काम नहीं कर पाए, तो एक बार फिर से कारोबार पर इसका असर दिखना शुरू हो जाएगा.
गिग वर्कर्स एसोसिएशन ने एनडीटीवी प्रॉफिट को बताया कि कई रेस्टोरेंट गैस की कमी की वजह से कम ऑर्डर ले रहे हैं. मेनू भी छोटा कर रहे हैं, नतीजन पिछले दो दिनों में डिलीवरी पार्टनर्स के ऑर्डर 10 से 15% घट गए हैं.
कितने रेस्टोरेंट एलपीजी पर निर्भर हैं?
रेस्टोरेंट आमतौर पर खाना बनाने के लिए कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर या पाइपलाइन गैस का इस्तेमाल करते हैं. उद्योग के अनुसार स्विगी और ज़ोमैटो जैसे फूड डिलीवरी ऐप्स पर चल रहे करीब 85% छोटे रेस्टोरेंट एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर हैं. इसके उलट करीब 15% रेस्टोरेंट क्विक-सर्विस रेस्टोरेंट होते हैं, जिनके पास बेहतर और अलग-अलग तरह की किचन सुविधाएं होती हैं. बड़ी रेस्टोरेंट चेन में आमतौर पर पाइपलाइन गैस लगी होती है, इसलिए उन्हें एलपीजी सिलेंडरों पर ज्यादा निर्भर नहीं रहना पड़ता.
सरकार ने एलपीजी की कमी दूर करने के लिए बड़े कदम उठाए हैं, जिसमें तेल कंपनियों को पर्मिशन दी है कि वे अपनी हर महीने की कमर्शियल एलपीजी सप्लाई का 20% हिस्सा होटल, रेस्टोरेंट और कैफे जैसे बिजनेस को दे सकती हैं. ये फैसला हर राज्य पर निर्भर करेगा. यानी राज्य चाहे तो इसे लागू कर सकता है. इसका मकसद है कि होटल और रेस्टोरेंट को गैस की कमी ना हो और उनके कामकाज में कोई रुकावट न आए.
हालांकि, दूसरी तरफ रेस्टोरेंट यूनियन का कहना है कि गैस की सप्लाई से जुड़ी समस्या अभी जस की तस बनी हुईं हैं, क्योंकि इससे जमाखोरी और कालाबाजारी भी हो सकती है. ऐसे में फूड एग्रीगेटर कंपनियों की स्थिति इस बात पर निर्भर करेगी कि ये जंग कितने समय तक चलती है और सरकार आने वाले समय में क्या कदम उठाती है.














