- LIC आज अपनी पहली बार बोनस शेयर जारी करने पर विचार कर रहा है, जो निवेशकों के लिए लाभदायक होगा
- बोनस शेयर का मतलब है कि निवेशकों को उनके मौजूदा शेयरों के अनुपात में मुफ्त अतिरिक्त शेयर दिए जाएंगे.
- LIC के शेयरों में आज गिरावट देखी गई, लेकिन कंपनी का मार्केट कैप अभी भी पांच लाख करोड़ रुपये से ऊपर है.
LIC Bonus Share :देश की सबसे बड़ी सरकारी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) आज यानी सोमवार, 13 अप्रैल को अपने निवेशकों को एक बड़ा तोहफा देने पर विचार कर रही है. LIC के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की आज अहम बैठक है, जिसमें कंपनी के इतिहास के पहले बोनस शेयर (Maiden Bonus Issue) को मंजूरी दी जा सकती है. 2022 में शेयर बाजार में कदम रखने के बाद यह पहला मौका है जब LIC अपने शेयरधारकों को फ्री शेयर देने जा रही है.
क्या होता है बोनस शेयर और आपको क्या मिलेगा फायदा?
अगर इसे बहुत ही आसान भाषा में कहें तो बोनस शेयर का मतलब है फ्री शेयर.... अगर बोर्ड इस प्रस्ताव को मंजूरी दे देता है, तो आपके पास मौजूद हर शेयर के बदले कंपनी कुछ एक्स्ट्रा शेयर मुफ्त में देगी. मान लीजिए अगर बोनस का रेशियो 1:1 तय होता है, तो आपके 100 शेयर बढ़कर 200 हो जाएंगे. हालांकि, शेयरों की संख्या बढ़ने के साथ ही शेयर की कीमत भी उसी अनुपात में कम हो जाती है, लेकिन लंबे समय के निवेशकों के लिए यह कमाई का एक शानदार मौका होता है.
शेयर बाजार में आज LIC के शेयरों में हलचल
आज बाजार खुलते ही LIC के शेयरों में हलचल देखी जा रही है. सोमवार सुबह शेयर करीब आधा परसेंट गिरकर ₹794.55 पर खुला और शुरुआती कारोबार में 2% तक की गिरावट के साथ ₹782 के स्तर तक चला गया. हालांकि, पिछले एक महीने में शेयर ने करीब 2.75% की रिकवरी दिखाई है, लेकिन 2026 का साल अब तक निवेशकों के लिए थोड़ा सुस्त रहा है और शेयर करीब 7% नीचे है. बता दें कि गिरावट के बावजूद कंपनी का मार्केट कैप अब भी 5 लाख करोड़ रुपये के ऊपर बना हुआ है.
किन्हें मिलेगा बोनस शेयर और रिकॉर्ड डेट क्या होगी ?
बोनस शेयर का फायदा हर किसी को नहीं मिलता. इसके लिए रिकॉर्ड डेट (Record Date) बहुत महत्वपूर्ण होती है. केवल उन्हीं निवेशकों को ये फ्री शेयर मिलेंगे जिनके पोर्टफोलियो में रिकॉर्ड डेट वाले दिन LIC के शेयर होंगे. आज की मीटिंग के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि बोनस किस अनुपात में मिलेगा और इसकी रिकॉर्ड डेट क्या होगी. बोर्ड की हरी झंडी के बाद इस पर शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लेना भी जरूरी होगा.
कंपनी से जुड़े लोगों के लिए ट्रेडिंग विंडो बंद
LIC ने पहले ही स्टॉक एक्सचेंजों को बता दिया है कि कंपनी के अंदरूनी लोगों यानी कर्मचारियों और बोर्ड मेंबर्स के लिए ट्रेडिंग विंडो फिलहाल बंद है. यह विंडो 31 मार्च 2026 को खत्म हुई तिमाही के नतीजों के आने के 48 घंटे बाद तक बंद रहेगी. सेबी (SEBI) का नियम कहता है कि जब भी कोई इतनी बड़ी घोषणा होने वाली होती है, तो कंपनी से जुड़े लोग शेयरों की खरीद-बिक्री नहीं कर सकते ताकि कोई गलत फायदा न उठा सके.














