Anthropic AI टूल से IT सेक्टर में हड़कंप! Infosys और TCS स्टॉक्स 7% तक टूटे,जानें निवेशकों के करोड़ों रुपये डूबने की वजह

IT शेयरों पर दबाव बढ़ने की एक बड़ी वजह Anthropic कंपनी का नया AI टूल भी है. Anthropic के AI टूल लॉन्च के बाद अमेरिका में कई टेक और सॉफ्टवेयर शेयर 20 से 25 फीसदी तक टूट गए.एक्सपर्ट्स का कहना है कि IT शेयरों में फिलहाल उतार-चढ़ाव बना रह सकता है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
IT Stocks Crash Today: भारत की कई IT कंपनियां अमेरिका से बड़ा बिजनेस करती हैं, इसलिए वहां की गिरावट का असर सीधे यहां दिखा.
नई दिल्ली:

Anthropic AI tool impact: भारतीय शेयर बाजार के लिए बुधवार की सुबह आईटी सेक्टर से बहुत बुरी खबर लेकर आई.आज यानी बुधवार, 4 फरवरी को सुबह शेयर बाजार में ट्रेडिंग शुरू होते ही आईटी सेक्टर में जोरदार गिरावट देखने को मिली. जैसे ही बाजार खुला, इंफोसिस, टीसीएस (TCS) और विप्रो जैसे बड़े IT शेयरों में हड़कंप मच गया और वे 6 से 7 फीसदी तक टूट गए. इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका से आई एक ऐसी खबर है जिसने पूरी दुनिया के टेक बाजार को डरा दिया है. 

दरअसल, एंथ्रोपिक (Anthropic) नाम की एआई कंपनी ने अपना एक नया टूल लॉन्च किया है जो डेटा एनालिसिस और डॉक्यूमेंट रिव्यू जैसे काम चुटकियों में कर सकता है. इसी वजह से एक्सपर्ट्स अब 'सास-पोकैलिप्स' (SaaSpocalypse) जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसका सीधा मतलब है कि एआई सॉफ्टवेयर की दुनिया में तबाही ला सकता है.

Infosys, TCS, LTIMindtree जैसे शेयर हुए धड़ाम!

बीएसई पर एलटीआई माइंडट्री (LTIMindtree) और पर्सिस्टेंट सिस्टम्स (Persistent Systems) जैसे शेयरों में तो 7.5 प्रतिशत से ज्यादा की बड़ी गिरावट देखी गई. टेक महिंद्रा (6.55) और एचसीएल टेक (6.40) का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा.इसके अलावा Wipro 6.57 फीसदी,TCS करीब 6 फीसदी और Hexaware 5.29 फीसदी तक टूट गया.

IT सेक्टर का इंडेक्स BSE IT Index 5.83 फीसदी गिरकर 34,984 के आसपास पहुंच गया.आज की गिरावट में मिडकैप IT शेयरों पर ज्यादा असर दिखा.कई शेयरों में 4 से 7 फीसदी तक गिरावट आई क्योंकि ट्रेडर्स ने स्टॉप-लॉस लगते ही शेयर बेच दिए.Nifty IT Index सुबह के कारोबार में सबसे कमजोर सेक्टरों में शामिल रहा.

अमेरिकी बाजार से आया झटका

IT शेयरों में इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका के टेक शेयरों में आई तेज गिरावट मानी जा रही है.मंगलवार रात Nasdaq करीब 1.4 फीसदी, S&P 500 करीब 0.8 फीसदी और Dow Jones 0.3 फीसदी गिरकर बंद हुए.SBI Securities के मुताबिक, निवेशक अब महंगे टेक शेयरों से पैसा निकालकर दूसरे सेक्टर की तरफ बढ़ रहे हैं.

Anthropic AI टूल ने बढ़ाई IT कंपनियों की टेंशन

IT शेयरों पर दबाव बढ़ने की एक बड़ी वजह Anthropic कंपनी का नया AI टूल भी है. इस AI टूल से अब डॉक्यूमेंट चेक करना, डेटा एनालिसिस और कई बैक-ऑफिस काम आसानी से हो सकते हैं.अमेरिका और यूरोप की बड़ी कंपनियां अपना जो काम भारतीय आईटी फर्म्स को आउटसोर्स करती थीं, अब उन्हें डर है कि वही काम एआई टूल्स बहुत कम कीमत पर और जल्दी कर देंगे. इसी डर की वजह से बड़े निवेशकों ने आईटी शेयरों से अपना पैसा निकालकर दूसरे सुरक्षित सेक्टर्स में डालना शुरू कर दिया है.

Advertisement

Wall Street में IT शेयरों की बड़ी गिरावट

Anthropic के AI टूल लॉन्च के बाद अमेरिका में कई टेक और सॉफ्टवेयर शेयर 20 से 25 फीसदी तक टूट गए.जैफरीज जैसी दिग्गज ब्रोकरेज फर्म्स का कहना है कि अब भारतीय कंपनियों को यह साबित करना होगा कि वे एआई के इस दौर में खुद को कैसे बदलती हैं.Jefferies ने इस हालात को SaaSpocalypse नाम दिया है यानी SaaS कंपनियों के लिए बड़ा झटका.भारत की कई IT कंपनियां अमेरिका से बड़ा बिजनेस करती हैं, इसलिए वहां की गिरावट का असर सीधे यहां दिखा.

बाजार के जानकारों का मानना है कि भारतीय आईटी कंपनियां पहले से ही काफी महंगे दामों (High Valuations) पर ट्रेड कर रही थीं, जबकि उनकी कमाई उतनी तेजी से नहीं बढ़ रही थी. ऊपर से एंथ्रोपिक एआई के नए लॉन्च ने आग में घी डालने का काम किया है.

Advertisement

Infosys Wipro के ADR भी टूटे

इस गिरावट का असली असर तब दिखा जब अमेरिका में लिस्टेड में भारतीय आईटी कंपनियों Infosys और Wipro के ADR यानी वहां ट्रेड होने वाले शेयर रातभर में धड़ाम हो गए. ADR में गिरावट का मतलब साफ होता है कि अगले दिन भारत में शेयर दबाव में रह सकते हैं.यही वजह रही कि जैसे ही भारतीय बाजार खुले, IT शेयरों में बिकवाली शुरू हो गई.

IT शेयरों में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना

एक्सपर्ट्स का कहना है कि IT शेयरों में फिलहाल उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. निवेशक अब यह देखना चाहते हैं कि अमेरिका में टेक खर्च कब सुधरेगा, AI से बिजनेस पर कितना असर पड़ेगा और IT कंपनियां नई डील्स कैसे लाती हैं. हालांकि जानकारों का कहना है कि  IT सेक्टर में कंपनियां क्लाउड, ऑटोमेशन और AI से जुड़ी नई सर्विस पर काम कर रही हैं. लेकिन बाजार को यह भरोसा दिलाने में अभी वक्त लगेगा कि लंबे समय की ग्रोथ बरकरार है.

Advertisement

फिलहाल बाजार में घबराहट का माहौल है और आईटी शेयरों में  ज्यादा बिकवाली देखी जा रही है. ऐसे में एक्सपर्ट की ओर से निवेशकों को सलाह दी जा रही है कि वे अभी जल्दबाजी में कोई फैसला न लें, क्योंकि आने वाले कुछ दिनों तक आईटी सेक्टर में भारी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है.

Featured Video Of The Day
Parliament Budget Session: संसद भवन में क्यों भिड़ गए Rahul Gandhi और Ravneet Singh Bittu ?