भारत के लिए ग्लोबल ट्रेड के मोर्चे पर अच्छी खबर सामने आई है. भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से जिस ट्रेड डील का इंतजार किया जा रहा था, वो अब लगभग पूरा होने के करीब पहुंच गई है. केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर दोनों ने इसके बारे में जानकारी दी. पीयूष गोयल ने बताया कि इस डील का करीब 99% काम पूरा हो चुका है और अब ये आखिरी फेज में है.
दिल्ली में जुट रहे अमेरिकी अधिकारी
ट्रेड डील को फाइनल करने के लिए अमेरिका के सीनियर ट्रेड अधिकारियों का एक बड़ा डेलिगेशन भारत पहुंचना शुरू हो गया है. दिल्ली में 2, 3 और 4 जून यानी तीन दिन तक अहम बैठक होगी. वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि अब दोनों देशों के बीच किसी बड़े मुद्दे पर कोई विवाद नहीं बचा. अभी सिर्फ छोटी तकनीकी बातें सुधारी जा रही हैं. यानी बस कॉमा और फुल स्टॉप ठीक करने का काम चल रहा है, जिससे समझौता पूरी तरह क्लियर और बिना किसी गलती के तैयार हो सके.
पीयूष गोयल ने भरोसा जताते हुए कहा कि अमेरिका के साथ शुरुआती डील फाइनल होते ही दोनों देश एक बड़े व्यापार समझौते की दिशा में आगे बढ़ेंगे, जिससे भविष्य में दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा मिल सकता है.
सेक्शन 301 पर भारत का कड़ा रुख
वाणिज्य मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, भारत इस समझौते को लेकर अपने हितों पर पूरी तरह अडिग है. भारत ने साफ किया कि वो ऐसे किसी भी समझौते के लिए तैयार नहीं होगा, जिसमें उसे दूसरे देशों के मुकाबले अमेरिकी बाजार में बेहतर पहुंच ना मिले. भारत चाहता है कि अमेरिका के नए टैरिफ नियमों में हुए बदलावों को इस समझौते में सही तरीके से शामिल किया जाए. नई टैरिफ दरें क्या होंगी, ये भी सेक्शन 301 जांच के नतीजों पर तय होगा. जैसे ही इस पर पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी, उसके बाद अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के बीच एक बड़ी बैठक होगी, जिसमें इस डील को अंतिम रूप दिया जाएगा.
भारत-यूके फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर भी जोर
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के साथ ही वाणिज्य मंत्रालय के सूत्रों को अनुसार भारत-यूके फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर भी तेजी से काम हो रहा है. ब्रिटेन के मिनिस्टर ऑफ स्टेट फॉर ट्रेड पॉलिसी क्रिस ब्रायंट कल भारत आ रहे हैं, जहां वो पीयूष गोयल के साथ मौजूदा व्यापार मुद्दों और इस समझौते को लागू करने की प्रक्रिया पर बात करेंगे.
ये भी पढ़ें- अमेरिका-ईरान की जंग से दुनिया परेशान, अब UAE की ये नई पाइपलाइन बचाएगी भारत का तेल











